Chitrakoot News: धोखाधड़ी में डाकू ददुआ के बेटे को भेजा गया जेल, वीर सिंह पटेल है पूर्व विधायक

Chitrakoot News: पूर्व विधायक धोखाधड़ी के एक मामले में वारंट जारी होने के बाद फरार चल रहे थे। पेशी के लिए न्यायालय पहुंचने पर उनको हिरासत में ले लिया गया।

Update: 2022-12-19 11:57 GMT

Chitrakoot News (Newstrack)

Chitrakoot News: दुर्दांत डकैत ददुआ के बेटे सपा के पूर्व विधायक वीर सिंह पटेल को विशेष न्यायाधीश एससीएसटी की अदालत ने सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पूर्व विधायक धोखाधड़ी के एक मामले में वारंट जारी होने के बाद फरार चल रहे थे। पेशी के लिए न्यायालय पहुंचने पर उनको हिरासत में ले लिया गया।

पूर्व विधायक वीर सिंह पटेल के खिलाफ 2017 में कर्वी कोतवाली में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया गया था। यह मुकदमा सेवानिवृत गल्लामंडी कर्मचारी कर्वी नगर के शत्रुघनपुरी निवासी मोतीलाल बौरिया ने उनके खिलाफ धारा 420, 406, 504, 506 व अनुसूचित जाति (नृशंसता निवारण) अधिनियम के तहत रिपार्ट दर्ज कराया था।

उनका आरोप है कि वह 14 मार्च 2013 को पूर्व विधायक वीर सिंह पटेल के पास गया था। उस समय वह सदर सीट से सपा से विधायक थे। उन्होंने बेटे को नौकरी दिलाने के नाम पर उससे दो लाख रुपए लिए थे।

चार साल बाद न तो नौकरी दिलवाई और न ही पैसा लौटाया। बल्कि पैसा मांगने पर जान से मारने की धमकी देकर भगाया दिया। वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी जगतपाल ने बताया कि न्यायालय से पूर्व विधायक को दो वर्ष पहले वारंट जारी हुआ था। लेकिन पूर्व विधायक न्यायालय में हाजिर नहीं हुए। सोमवार को वह न्यायालय में हाजिर होने आए, तभी न्यायालय ने हिरासत में लेने के बाद जेल भेज दिया।

Tags:    

Similar News