Gonad News : गोंडा में खुदाई से ब्रिटिशकालीन सिक्के मिले, खजाने की खबर से उमड़ी भारी भीड़

Gonda News : गोंडा में खुदाई के दौरान ब्रिटिशकालीन सिक्के मिलने से मची अफरा-तफरी, खजाने की चर्चा में रातभर जुटी रही भीड़।

Update:2026-05-13 21:26 IST

Gonda News :जनपद के कर्नलगंज कस्बे के मोहल्ला सकरौरा पूर्वी स्थित अंसारी मस्जिद के सामने उस समय सनसनी फैल गई जब खुदाई के दौरान जमीन से कथित तौर पर ब्रिटिशकालीन सफेद धातु के प्राचीन सिक्के निकलने की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों तक में सिक्के पाने की होड़ मच गई। जो जितना पा सका, वह सिक्के समेटकर मौके से चलता बना।

प्रत्यक्षदर्शियों और विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक बीते दिनों रात में खुदाई के दौरान जमीन से एक घड़ा भी मिलने की चर्चा है, जिसमें बड़ी संख्या में 19वीं सदी के ब्रिटिशकालीन सिक्के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। यही वजह है कि देर रात तक इलाके में लोगों की आवाजाही बनी रही और कई लोग कथित तौर पर अंधेरे में खुदाई कर और अधिक सिक्के निकालने की कोशिश में जुटे रहे। मौके पर मची भगदड़, और सिक्कों की लूट व भीड़ का पूरा घटनाक्रम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और कई लोगों के मोबाइल फोन में कैद हो गया। बताया जा रहा है कि अंसारी मस्जिद तथा पास के मकानों में लगे कैमरों में कई लोग सिक्के बटोरते नजर आए हैं।

घटना की सूचना मिलने पर कस्बा चौकी इंचार्ज कर्नलगंज मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया, लेकिन तब तक काफी संख्या में लोग सिक्के लेकर जा चुके थे। स्थानीय लोगों का दावा है कि जमीन के अंदर अभी भी प्राचीन सिक्कों से भरा घड़ा दबा हो सकता है। इसी आशंका के चलते क्षेत्र में देर रात तक लोगों की भीड़ जुटी रही। कुछ लोग मौके पर पहरा देते नजर आए तो कुछ अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिए। पूरे कस्बे में यह घटना चर्चा और कौतूहल का विषय बनी हुई है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि ऐतिहासिक महत्व की इतनी बड़ी संभावना के बावजूद प्रशासनिक अमला पूरी तरह निष्क्रिय क्यों नजर आ रहा है। अब तक न तो पुरातत्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची है और न ही किसी सक्षम अधिकारी द्वारा वैज्ञानिक जांच या खुदाई कराई गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन ने समय रहते गंभीरता नहीं दिखाई तो ऐतिहासिक महत्व के दुर्लभ सिक्के और संभावित पुरावशेष हमेशा के लिए गायब हो सकते हैं।फिलहाल क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं और लोग इसे “जमीन से निकला खजाना” बताकर देखने पहुंच रहे हैं। वहीं प्रशासन की चुप्पी पूरे मामले को और रहस्यमय बना रही है।

Tags:    

Similar News