Gonda News: रास्ते के विवाद में दंपती पर लाठी-डंडों व कुल्हाड़ी से हमला, पीड़ित ने लगाई न्याय की गुहार
Gonda News: गोंडा के कटरा बाजार क्षेत्र के सेमरा गांव में रास्ते के विवाद को लेकर दंपती पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने एसपी से शिकायत कर न्याय, सुरक्षा और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
Gonda News
Gonda News: थाना कटरा बाजार क्षेत्र के ग्राम सेमरा, मौजा बरांव में रास्ते के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गांव निवासी जमशेद पुत्र ईदू ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि दबंगों ने घर आने-जाने के सार्वजनिक रास्ते पर कब्जे की कोशिश की और विरोध करने पर उसके व उसकी पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।पीड़ित जमशेद के अनुसार, उसके घर तक पहुंचने का एकमात्र सार्वजनिक रास्ता है, जिस पर वर्ष 2012 में क्षेत्र पंचायत द्वारा खड़ंजा सड़क का निर्माण कराया गया था। आरोप है कि गांव के ताज मोहम्मद, शाह मोहम्मद, अतीक, शफी और करामत अली सहित अन्य लोग लंबे समय से इस रास्ते पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। इस संबंध में 19 मई 2026 को थाना कटरा बाजार में भी शिकायत दी गई थी।
नींव खोदने के विरोध पर हमला
शिकायत के अनुसार, 22 जून 2026 को आरोपितों ने रास्ते पर ईंट, बालू और अन्य निर्माण सामग्री डाल दी। 23 जून की सुबह करीब 7 बजे मिस्त्री और मजदूर बुलाकर सरकारी खड़ंजा उखाड़ते हुए नींव खोदने का काम शुरू कर दिया गया। विरोध करने पर आरोप है कि सभी आरोपितों ने लाठी, डंडे और कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर पहुंची बहू के साथ भी मारपीट की गई।घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटरा बाजार ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
रास्ता बंद करने और धमकी का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि हमले के बाद आरोपियों ने रास्ते पर निर्माण कर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया है। उनका कहना है कि गांव में कई प्रत्यक्षदर्शी मौजूद हैं, लेकिन दबंगों के प्रभाव के कारण कोई भी गवाही देने को तैयार नहीं है। आरोप है कि 26 जून की रात करीब 10 बजे आरोपित उसके घर पहुंचे और मुकदमा दर्ज कराने पर पूरे परिवार की हत्या कर घर पर कब्जा करने की धमकी दी।पीड़ित जमशेद ने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों की गिरफ्तारी, अवैध कब्जा हटवाने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।