Gonda News: गोंडा जंक्शन बना अवैध वेंडरों का अड्डा, बिक रही बिना FSSAI कोल्ड ड्रिंक

Gonda News: गोंडा जंक्शन पर अवैध वेंडरों द्वारा बिना FSSAI मानकों वाली कोल्ड ड्रिंक और खाद्य सामग्री बेचे जाने का मामला सामने आया है। यात्रियों की सुरक्षा और खाद्य गुणवत्ता को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

Update:2026-06-28 20:35 IST

Gonda News(Photo-Social Media)

Gonda News: पूर्वोत्तर रेलवे के गोंडा जंक्शन पर प्लेटफार्मों पर अवैध वेंडरों का साम्राज्य चल रहा है। रेलवे नियमों को ताक पर रखकर खुलेआम खान-पान, फ्रूटी व कोल्ड ड्रिंक की बिक्री की जा रही है। इससे यात्रियों को भारी असुविधा हो रही है और स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा है।

एक लाइसेंस पर 4 से 8 अवैध वेंडर:

सूत्रों के अनुसार खान-पान के थ्री-व्हीलर ठेले पर रेलवे द्वारा मात्र एक लाइसेंसी वेंडर अधिकृत है। इसके बावजूद किसी ठेले पर चार, किसी पर छह तो किसी पर आठ अवैध वेंडरों को रखा गया है। ट्रेन आते ही ये वेंडर बेतहाशा बोगियों में चढ़ जाते हैं। यात्रियों को धक्का देकर जबरन सामान बेचते हैं। बुजुर्ग और महिला यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है।

अधोमानक पानी व बिना FSSAI कोल्ड ड्रिंक:

गोरखपुर की तरफ से ट्रेन रुकते ही दर्जनों बाहरी वेंडर प्लेटफॉर्म पर पहुंच जाते हैं। ये बिना FSSAI मार्का वाले कोल्ड ड्रिंक व अधोमानक पानी की बोतल 20 रुपए में बेचते हैं। इससे यात्रियों की जेब कट रही है और बीमारियां फैलने का खतरा भी बना हुआ है।

छोले की जगह आलू-मटर परोस रहे:

रेलवे गाइडलाइन के अनुसार स्टालों पर पूड़ी-भटूरे के साथ काबुली चने का छोला दिया जाना चाहिए। लेकिन गोंडा जंक्शन पर लाइसेंसी वेंडर खुलेआम मटर व आलू की सब्जी परोस रहे हैं। खुले में रखे खाद्य पदार्थों पर जाली न होने से मक्खियां बैठती हैं। इससे संक्रमण फैलने की आशंका बनी हुई है।

सेवादार बन गए वेंडर, RPF मौन:

चर्चा है कि कुछ जिम्मेदारों ने अपने आवासों में रखे गए निःशुल्क सेवादारों को भी अवैध वेंडरी के लिए प्लेटफॉर्म पर उतार दिया है। प्लेटफार्म पर वाणिज्य निरीक्षक, DCI, प्लेटफॉर्म निरीक्षक व RPF की भारी तैनाती के बावजूद अवैध वेंडरों की भरमार है। CHI द्वारा खाद्य पदार्थों की जांच न करने से भी सवाल उठ रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि विभागीय मिलीभगत के बिना इतने बड़े स्तर पर अवैध वेंडिंग संभव नहीं है।

क्या कहते हैं अधिकारी:

सहायक सुरक्षा आयुक्त एमपी दूबे से जब पूछा गया कि कुछ अधिकारी सेवादार रखकर अवैध वेंडिंग कराते हैं तो उन्होंने कहा, "छाप दीजिए", जिससे प्रतीत होता है कि उन्हें यह प्रश्न अच्छा नहीं लगा। यह जांच का विषय है। वहीं DCI संजय कुमार ने कहा कि उनके व प्लेटफॉर्म इंस्पेक्टर पंकज कुमार श्रीवास्तव द्वारा नित्य अभियान चलाया जाता है। आज फिर से स्टालों व थ्री-व्हीलरों पर बिक रही सब्जी व छोले का निरीक्षण कर कार्यवाही की जाएगी। वहीं यात्रियों ने मंडल रेल प्रबंधक लखनऊ व रेल मंत्रालय से तत्काल छापेमारी कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Tags:    

Similar News