Gonda news:गोंडा में दर्दनाक सड़क हादसा: पिकअप-बाइक की भिड़ंत में दो युवकों की मौत

Gonda news: हादसा काजीदेवर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने हुआ, जहां तेज रफ्तार पिकअप वाहन और बाईक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम छा गया।

Update:2026-05-16 18:48 IST

Gonda News (Social Media)

Gonda:जिले के मोतीगंज थाना क्षेत्र में शनिवार एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा काजीदेवर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने हुआ, जहां तेज रफ्तार पिकअप वाहन और बाईक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम छा गया।

मृतकों की पहचान राम अवतार (20) और अंकित (18) के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर रोज की तरह गोंडा मुख्यालय टाइल्स लगाने के काम पर जा रहे थे। इसी दौरान गोंडा की ओर से मनकापुर जा रहे पिकअप वाहन से उनकी बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही मोतीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि अंकित अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का सहारा बना हुआ था। वहीं राम अवतार अपने पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था और मजदूरी कर घर की आर्थिक मदद करता था। दोनों युवक प्रतिदिन मोटरसाइकिल से गोंडा आकर टाइल्स लगाने का कार्य करते थे और देर रात घर लौटते थे। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया।

इस संबंध में मोतीगंज थानाध्यक्ष एवं प्रशिक्षु आईपीएस प्रदीप कुमार ने बताया कि दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Tags:    

Similar News