Hapur News: दहेज के लिए विवाहिता पर जुल्म, 10 लाख न मिलने पर मुकदमा दर्ज

Hapur News: हापुड़ में विवाहिता ने पति समेत छह लोगों पर 10 लाख रुपये दहेज मांगने, मारपीट करने, बंधक बनाने और जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया।।

By :  Avnish Pal
Update:2026-06-20 21:31 IST

दहेज के लिए विवाहिता पर जुल्म, 10 लाख न मिलने पर मुकदमा दर्ज (Photo- Newstrack)

Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद में दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। कोतवाली क्षेत्र की एक विवाहिता ने अपने पति समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों पर दहेज में 10 लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करने, मारपीट करने तथा जान से मारने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

निकाह के दो माह बाद बदल गया ससुराल वालों का व्यवहार

कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जोगीपुरा निवासी समरीन ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका निकाह 28 दिसंबर 2025 को ग्राम बदनौली निवासी अनस के साथ हुआ था। निकाह के बाद वह अपने पति के साथ ससुराल चली गई थी। पीड़िता के अनुसार शुरुआती दो माह तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन इसके बाद पति अनस, ससुर अजीज, सास साबरा, जेठ साजिद व आसिफ तथा ननद अनम ने दहेज में 10 लाख रुपये की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।समरीन का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग लगातार उस पर मायके से रुपये लाने का दबाव बना रहे थे। मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक रूप से परेशान किया गया और कई बार उसके साथ मारपीट भी की गई।

पैसे नहीं लाए तो दूसरा निकाह करा देंगे

पीड़िता ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे धमकी देते हुए कहा कि यदि 10 लाख रुपये नहीं मिले तो उसके पति अनस का दूसरा निकाह करा दिया जाएगा। इतना ही नहीं, आरोपियों ने कथित तौर पर यह भी कहा कि मुकदमों और कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए ही उसका निकाह कराया गया था।इन बातों से परेशान होकर जब उसने विरोध किया तो उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा।

दूसरी महिला से संबंध का विरोध करने पर बेल्ट से पीटा

समरीन ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि उसे जानकारी मिली थी कि उसके पति के किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध हैं। जब उसने इस संबंध में पति से सवाल किया और विरोध जताया तो पति और अन्य परिजनों ने उसके साथ मारपीट की।पीड़िता के अनुसार उसे बेल्ट से बेरहमी से पीटा गया, कमरे में बंधक बनाकर रखा गया और उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया। मारपीट के दौरान उसे चोटें भी आईं। इसके बावजूद ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला और लगातार दहेज की मांग को लेकर दबाव बनाया जाता रहा।

18 मई को फिर हुई मारपीट, जान से मारने की कोशिश का आरोप

विवाहिता का आरोप है कि 18 मई को भी दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट की गई। उसने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोगों ने पहले भी कई बार उसे जान से मारने का प्रयास किया था। पीड़िता के अनुसार स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि उसके पिता को पुलिस हेल्पलाइन 112 पर कॉल करनी पड़ी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन इसके बावजूद आरोपियों के हौसले कम नहीं हुए। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने धमकी दी कि यदि दहेज की मांग पूरी नहीं की गई तो उसे दोबारा ससुराल में नहीं रखा जाएगा।

पहले शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई

समरीन का कहना है कि उसने पहले भी पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन उस समय कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू

थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि विवाहिता की तहरीर के आधार पर पति, सास, ससुर, जेठ और ननद सहित नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News