Hapur News: पशु क्रूरता पर बड़ा एक्शन, कैंटर में ठूंसकर भरी 35 भैंसें और 7 कटरे बरामद, चार गिरफ्तार

Hapur News: हापुड़ में पुलिस ने पशु क्रूरता के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कैंटर से 35 भैंसें और 7 कटरे बरामद किए। वाहन में एक भैंस मृत मिली, जबकि चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

By :  Avnish Pal
Update:2026-06-20 21:21 IST

Hapur News

Hapur News: उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ में पशु क्रूरता के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पशुओं से भरे एक कैंटर को पकड़ लिया। कैंटर में क्षमता से अधिक संख्या में भैंसों और कटरों को बेहद अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। पुलिस जांच में एक भैंस मृत मिली, जबकि अन्य पशुओं की हालत भी बेहद खराब बताई जा रही है। मामले में थाना हापुड़ देहात पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

चेकिंग के दौरान पकड़ा गया पशुओं से भरा कैंटर

जानकारी के अनुसार थाना हापुड़ देहात पुलिस शुक्रवार को मेरठ-हापुड़ बाईपास पर ग्राम मुरादपुर कट के निकट संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक कैंटर संदिग्ध अवस्था में आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रोककर जांच की तो अंदर का नजारा देखकर टीम भी हैरान रह गई।कैंटर में बड़ी संख्या में भैंसों और कटरों को बेहद संकरे स्थान में ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। पशुओं को इस तरह लादा गया था कि कई पशु ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे। गर्मी और घुटन के बीच उनकी हालत बेहद दयनीय नजर आ रही थी।

एक भैंस मिली मृत, पशुओं की हालत खराब

पुलिस द्वारा की गई गिनती में कैंटर के अंदर 35 भैंसें और 7 कटरे पाए गए। जांच के दौरान एक भैंस मृत अवस्था में मिली। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि अत्यधिक भीड़, घुटन और अमानवीय तरीके से परिवहन किए जाने के कारण पशु की मौत हुई हो सकती है। पुलिस ने मृत भैंस के संबंध में भी आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।थाना हापुड़ देहात पुलिस ने मौके से कैंटर में सवार चार लोगों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनीस, अफसर, कैफ और नदीम निवसी हापुड़ के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में पता चला कि पशुओं को बुलंदशहर रोड स्थित एक पशुवधशाला (स्लॉटर हाउस) ले जाया जा रहा था।

पशु क्रूरता और परिवहन नियमों के उल्लंघन की जांच

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पशुओं को कहां से लाया गया था और उन्हें किन परिस्थितियों में वाहन में भरा गया। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि परिवहन के दौरान पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और पशु परिवहन संबंधी नियमों का उल्लंघन हुआ है या नहीं।

थाना प्रभारी ने क्या कहा?

थाना हापुड़ देहात प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि चेकिंग के दौरान पशुओं से भरा एक कैंटर पकड़ा गया है। वाहन में 35 भैंसें और 7 कटरे मिले, जिनमें से एक भैंस मृत अवस्था में थी। चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।जनपद हापुड़ में पुलिस द्वारा लगातार पशु तस्करी और पशु क्रूरता के मामलों पर निगरानी रखी जा रही है। हालिया कार्रवाई को इसी अभियान का हिस्सा माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पशुओं के अवैध परिवहन और उनके साथ अमानवीय व्यवहार करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Tags:    

Similar News