Hapur News: जमीन के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप, दो पर केस दर्ज

Hapur News: 4000 वर्ग गज भूमि के सौदे में भुगतान के बाद भी 544.40 वर्ग गज का बैनामा न होने का आरोप, पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की।

By :  Avnish Pal
Update:2026-06-20 21:38 IST

 जमीन के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप, दो पर केस दर्ज (Photo- Newstrack)

Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद में जमीन खरीद-फरोख्त के नाम पर कथित धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है। जमीन का पूरा भुगतान करने के बावजूद बैनामा न किए जाने से परेशान एक व्यक्ति ने दो लोगों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि आरोपियों ने न केवल भूमि का बैनामा करने में टालमटोल की, बल्कि बार-बार आश्वासन देकर अतिरिक्त धनराशि भी ले ली। अब पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार बुलंदशहर रोड स्थित आशियाना कॉलोनी निवासी जर्रार ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि उन्होंने मोहल्ला भंडा पट्टी निवासी आशरफ और नसीम अहमद से 4000 वर्ग गज भूमि खरीदने का सौदा किया था। यह सौदा 4200 रुपये प्रति वर्ग गज की दर से तय हुआ था। पीड़ित के अनुसार सौदे के तहत अधिकांश भूमि का विक्रय और हस्तांतरण हो चुका है, लेकिन अब भी 544.40 वर्ग गज भूमि का बैनामा लंबित है।

बार-बार तारीख, लेकिन नहीं हुआ बैनामा

पीड़ित का आरोप है कि जब भी शेष भूमि के बैनामे की बात की गई, आरोपियों ने नई तारीख देकर मामला टाल दिया। कई बार नोटरी और दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी कराने का भरोसा दिलाया गया। इस दौरान विभिन्न बहानों से अग्रिम धनराशि भी ली गई, लेकिन इसके बावजूद न तो जमीन का बैनामा किया गया और न ही रकम वापस की गई।जर्रार का कहना है कि उन्होंने आरोपियों पर भरोसा कर बड़ी धनराशि निवेश की थी, लेकिन अब उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार चक्कर लगाने और समाधान न मिलने पर उन्होंने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।

करोड़ों की जमीन को लेकर बढ़ा विवाद

जानकारों के मुताबिक वर्तमान बाजार मूल्य के हिसाब से 544.40 वर्ग गज भूमि की कीमत भी लाखों रुपये में बैठती है। ऐसे में यह विवाद अब केवल बैनामे का नहीं, बल्कि बड़े आर्थिक नुकसान का मामला बन गया है। शहर में इस प्रकरण की चर्चा भी तेज हो गई है।

पुलिस ने शुरू की जांच

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आशरफ और नसीम अहमद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News