Hapur News: हापुड़ बार एसोसिएशन ने हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग को लेकर राष्ट्रपति को सौंपा ज्ञापन

Hapur News: बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय कंसल और सचिव वीरेंद्र सिंह सैनी द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि फिलहाल इलाहाबाद हाईकोर्ट प्रयागराज में स्थित है तथा इसकी एकमात्र बेंच लखनऊ में कार्यरत है, जो राज्य के केवल 15 जिलों को कवर करती है।

By :  Avnish Pal
Update:2025-07-19 17:36 IST

Hapur News

Hapur News: पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट की बेंच की स्थापना की मांग को लेकर हापुड़ बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने शनिवार को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी ईला प्रकाश को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से अधिवक्ताओं ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लाखों वादकारियों की कठिनाइयों की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए क्षेत्रीय हाईकोर्ट बेंच की आवश्यकता जताई। इस अवसर पर अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे, जिससे वादकारियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय कंसल और सचिव वीरेंद्र सिंह सैनी द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि फिलहाल इलाहाबाद हाईकोर्ट प्रयागराज में स्थित है तथा इसकी एकमात्र बेंच लखनऊ में कार्यरत है, जो राज्य के केवल 15 जिलों को कवर करती है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 22 जिलों के वादियों को 500 से 850 किलोमीटर की यात्रा कर प्रयागराज जाना पड़ता है। सहारनपुर जैसे दूरस्थ जिलों से इलाहाबाद की दूरी 850 किमी से भी अधिक है, जिससे वादियों को आर्थिक और मानसिक रूप से अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि यह स्थिति पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिवक्ताओं और वादकारियों के साथ अन्याय है। क्षेत्र की बढ़ती जनसंख्या, केस लोड और भौगोलिक दूरी को देखते हुए यहां एक अलग हाईकोर्ट बेंच की स्थापना नितांत आवश्यक है। साथ ही अधिवक्ताओं ने एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग करते हुए कहा कि उन्हें न्यायिक कार्य के दौरान कई बार असुरक्षा का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने अधिवक्ताओं को आत्मरक्षा हेतु शस्त्र लाइसेंस प्राप्त करने की प्रक्रिया को सरल करने की भी मांग रखी। उपजिलाधिकारी ईला प्रकाश ने ज्ञापन प्राप्त कर उचित माध्यम से शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इस दौरान हापुड़ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय कंसल, सचिव वीरेंद्र सिंह सैनी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष तेजवीर सिंह, अनिल शिशोदिया, खालिद खान, महेंद्र सिंह, रामनिवास सिंह, अजीत चौधरी, उज्जवल कंसल सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News