Hapur: गढ़ गंगा मेले में एएसपी महेश कुमार का चढ़ा पारा, डीजे पर नाच रहे युवकों को दी सख्त चेतावनी

Hapur News: गढ़ गंगा कार्तिक मेले में डीजे पर गाने बजाकर नाच रहे युवकों पर एएसपी महेश कुमार भड़क गए। उन्होंने युवकों को सख्त लहजे में फटकार लगाते हुए दोबारा वीआईपी क्षेत्र में दिखाई न देने की चेतावनी दी।

By :  Avnish Pal
Update:2026-11-18 12:24 IST

Hapur News

Hapur News: आस्था के सबसे बड़े आयोजनों में शामिल गढ़ गंगा कार्तिक मेले में इस बार श्रद्धालुओं की भीड़ के साथ पुलिस की सख्ती भी चर्चा में है। मेले में अनुशासन बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं। इसी बीच अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) महेश कुमार का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह वीआईपी क्षेत्र में डीजे पर गाने बजाकर नाच रहे युवकों पर इस कदर नाराज होते नजर आ रहे हैं कि उन्हें सख्त लहजे में मौके से खदेड़ने की चेतावनी दे देते हैं। एएसपी के मुंह से निकले तल्ख शब्दों ने वहां मौजूद युवकों को सकते में डाल दिया।

जानकारी के अनुसार, गंगा मेले में कुछ युवक डीजे पर गाने बजाकर नाच रहे थे। इसी दौरान अपर पुलिस अधीक्षक महेश कुमार वहां पहुंच गए। युवकों को इस तरह डीजे बजाते और नाचते देखकर उनका पारा चढ़ गया। उन्होंने युवकों को कड़े अंदाज में फटकार लगानी शुरू कर दी। एएसपी ने दो टूक शब्दों में कहा, ''इस एरिया में आ मत जाना, नहीं तो मारकर लाल कर देंगे। निकल यहां से।'' अधिकारी के इस तेवर को देखकर युवकों की मस्ती पर मानो ब्रेक लग गया।

‘निकल यहां से...’ चेतावनी देकर युवकों को भगाया

एएसपी महेश कुमार ने युवकों को साफ शब्दों में चेतावनी दी कि दोबारा इस इलाके में दिखाई नहीं देना। उनका लहजा इतना सख्त था कि मौके पर मौजूद लोगों का ध्यान भी इस ओर खिंच गया। डीजे पर गानों की धुन के बीच अचानक पुलिस अधिकारी की कड़क आवाज गूंजने लगी। देखते ही देखते यह घटनाक्रम चर्चा का विषय बन गया।

मेले में हुड़दंग बर्दाश्त नहीं, सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस का जोर

गढ़ गंगा मेले में लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही के मद्देनजर पुलिस प्रशासन सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर सतर्क है। मेले में किसी भी तरह की अव्यवस्था, हुड़दंग या विवाद की स्थिति पैदा न हो, इसके लिए पुलिस अधिकारी लगातार भ्रमण कर रहे हैं। प्रशासन की प्राथमिकता श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है, ताकि लोग बिना किसी परेशानी के गंगा स्नान और धार्मिक अनुष्ठान कर सकें।

एएसपी के तेवर बने चर्चा का विषय

गंगा मेले में युवकों को फटकार लगाने का यह घटनाक्रम अब चर्चा में है। एक तरफ पुलिस की सख्ती को मेले में अनुशासन बनाए रखने की कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है, वहीं दूसरी ओर एएसपी के तल्ख शब्द भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गए हैं। सवाल यह भी है कि मेले में अनुशासन कायम रखने के लिए पुलिस की सख्ती के साथ अधिकारियों की भाषा और व्यवहार किस तरह होना चाहिए।

Tags:    

Similar News