Hapur News: सड़क पर भैंसा दौड़, हाथ में पिस्टल और सरेआम फायरिंग! चार युवकों पर पुलिस का एक्शन
Hapur News: हापुड़ के नानपुर क्षेत्र में भैंसा दौड़ के दौरान चलती जोंगा जीप से पिस्टल द्वारा सरेआम फायरिंग करने का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है।
Hapur News
Hapur News: हापुड़ के नानपुर क्षेत्र में भैंसा दौड़ के दौरान खुलेआम पिस्टल से फायरिंग कर दहशत फैलाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। गढ़-मेरठ मार्ग पर दौड़ के बीच चलती जोंगा जीप से पिस्टल निकालकर गोलियां चलाने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होते ही पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपितों की पहचान कर चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। इतना ही नहीं, फायरिंग की वारदात में इस्तेमाल की गई जोंगा जीप और थार कार को भी सीज कर दिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से सड़क पर हुड़दंग और हथियारों का प्रदर्शन करने वालों में खलबली मची हुई है।
भैंसा दौड़ के बीच निकाली पिस्टल, सरेराह की फायरिंग
मामला गढ़-मेरठ मार्ग पर नानपुर चौकी क्षेत्र का है। यहां भैंसा दौड़ के दौरान कुछ युवक वाहनों में सवार होकर हुड़दंग मचा रहे थे। इसी दौरान जोंगा जीप में सवार एक युवक ने पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। जीप में उसके साथ तीन अन्य युवक भी मौजूद थे। वहीं, थार कार सवार युवक भी इस दौरान सड़क पर उत्पात मचाते नजर आए। इस पूरी घटना का वीडियो किसी ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो बाद में इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया।
वायरल वीडियो से खुली पहचान, चार युवक गिरफ्तार
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रिपोर्ट दर्ज की और फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान शुरू कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों में मेरठ के थाना परतापुर क्षेत्र के मोहिउद्दीनपुर निवासी अरुण, आर्यन उर्फ गुल्लू, परतापुर क्षेत्र के ही गांव गवाड़ी निवासी आर्यन नेहरा तथा गाजियाबाद के थाना निवाड़ी क्षेत्र के पतला निवासी राजू उर्फ उदय चौधरी शामिल हैं।पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई जोंगा जीप और थार कार को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए चारों आरोपितों के खिलाफ पहले भी एक-एक मामला दर्ज है। ऐसे में पुलिस उनके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
नियम तोड़ने वालों को नहीं मिलेगी छूट
कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो का संज्ञान लेते हुए रिपोर्ट दर्ज की गई थी। वीडियो के आधार पर पहचान कर चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। घटना में प्रयुक्त दोनों वाहनों को सीज कर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून और यातायात नियमों का उल्लंघन करने तथा सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता फैलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।