Hapur News: राहुल हत्याकांड में दो दोषियों को उम्रकैद, छह साल बाद कोर्ट ने सुनाया फैसला।

Hapur News: हापुड़ के पिलखुवा में छह साल पुराने राहुल हत्याकांड में अदालत का बड़ा फैसला, फावड़े से हत्या करने वाले दो दोषियों को उम्रकैद और जुर्माना।

By :  Avnish Pal
Update:2026-11-17 17:42 IST

Hapur News :- छह साल पहले युवक को घर से बुलाकर ले जाने के बाद फावड़े से काटकर उसकी निर्मम हत्या करने के मामले में आखिरकार अदालत ने अपना फैसला सुना दिया। पिलखुवा के चर्चित राहुल हत्याकांड में अपर सत्र न्यायाधीश एवं विशेष न्यायाधीश (पोक्सो एक्ट) ज्ञानेन्द्र सिंह यादव की अदालत ने मंगलवार को दो दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही दोनों पर 20-20 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है। अदालत के इस फैसले से मृतक के परिजनों को लंबे इंतजार के बाद न्याय मिला है।

घर से बुलाकर ले गए थे राहुल, फिर कर दी थी हत्या

विशेष लोक अभियोजक हरेंद्र त्यागी ने बताया कि पिलखुवा के मोहल्ला किशनगंज निवासी भरत ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि 19 मार्च 2019 की शाम उसके पुत्र राहुल को मोहल्ले के ही दो बाल अपचारी घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे।आरोप था कि दोनों उसे मोहल्ला गढ़ी स्थित परतापुर रोड पर अशोक कुमार के घेर में ले गए। वहां उसके साथ मारपीट की गई और फावड़े से वार कर उसकी हत्या कर दी गई। बाद में राहुल का शव अशोक कुमार के घेर में पड़ा मिला था। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया था।

पुलिस ने गिरफ्तार कर दाखिल किया था आरोपपत्र

मृतक के पिता की शिकायत पर पिलखुवा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए दोनों को गिरफ्तार किया और साक्ष्य जुटाने के बाद उनके खिलाफ आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल कर दिया था।

अदालत ने सुनाया उम्रकैद का फैसला

विशेष लोक अभियोजक हरेंद्र त्यागी ने बताया कि मामले की सुनवाई अपर सत्र न्यायाधीश एवं विशेष न्यायाधीश (पोक्सो एक्ट) ज्ञानेन्द्र सिंह यादव की अदालत में हुई। मंगलवार को दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और उपलब्ध साक्ष्यों पर विचार करने के बाद अदालत ने दोनों आरोपियों को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत दोषी ठहराया।न्यायाधीश ने दोनों दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। साथ ही प्रत्येक दोषी पर 20-20 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया। इस तरह करीब छह साल पुराने राहुल हत्याकांड में अदालत का फैसला आने के बाद मामले का महत्वपूर्ण न्यायिक पड़ाव पूरा हुआ।

Tags:    

Similar News