Hapur News: 10 लाख हड़पे, 40 लाख का कर्ज थमाया; इंग्लैंड के सपने में फंसा युवक

Hapur News: हापुड़ में इंग्लैंड का स्टडी वीजा दिलाने के नाम पर युवक से 10 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक को रूस भेजकर उसके नाम पर फर्जी शैक्षिक दस्तावेजों के जरिए करीब 40 लाख रुपये का एजुकेशन लोन भी स्वीकृत कराया गया।

By :  Avnish Pal
Update:2026-11-18 09:31 IST

Hapur News

Hapur News: विदेश में पढ़ाई कर सुनहरा भविष्य बनाने का सपना एक युवक के लिए ऐसा जाल बन गया, जिसमें उसकी जमा-पूंजी तो डूबी ही, उल्टा उसके सिर पर 40 लाख रुपये का कर्ज भी लाद दिया गया। इंग्लैंड का स्टडी वीजा दिलाने का भरोसा देकर पहले दस लाख रुपये ऐंठे गए। इसके बाद युवक को रूस भेजकर गुमराह किया गया। आरोप है कि जालसाजों ने युवक के शैक्षिक दस्तावेजों में हेराफेरी कर दसवीं, बारहवीं और स्नातक की फर्जी अंकतालिकाएं तक तैयार करा लीं। इतना ही नहीं, युवक के नाम पर करीब 40 लाख रुपये का शिक्षा ऋण भी स्वीकृत करा लिया गया। अब इस कर्ज की किस्त उसके पिता के बैंक खाते से कट रही है। विदेश भेजने के नाम पर हुई इस कथित धोखाधड़ी का खुलासा होने के बाद पीड़ित ने पुलिस अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई। डीआइजी मेरठ परिक्षेत्र के निर्देश पर पुलिस ने दो नामजद आरोपितों समेत अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

16 लाख में इंग्लैंड भेजने का सौदा, रिश्तेदार से दिलवाए दस लाख रुपये

गढ़मुक्तेश्वर तहसील क्षेत्र के गांव गंदूनंगला निवासी सत्यम सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दिसंबर 2024 में उसकी मुलाकात हाफिजपुर थाना क्षेत्र के गांव अकड़ौली निवासी अभिनव सिद्धू से हुई थी। अभिनव ने उसे इंग्लैंड में स्टडी वीजा पर भेजने और वहां पढ़ाई के साथ बेहतर भविष्य बनाने का भरोसा दिलाया। इसके लिए करीब 16 लाख रुपये खर्च आने की बात कही गई।विदेश जाने और पढ़ाई का सपना पूरा होने की उम्मीद में सत्यम उसके झांसे में आ गया। आरोप है कि उसने रिश्तेदार के माध्यम से दस लाख रुपये दे दिए। इसके अलावा पासपोर्ट, आधार कार्ड, पैन कार्ड, दसवीं और बारहवीं की अंकतालिकाओं समेत अपने तमाम जरूरी दस्तावेज भी आरोपित को सौंप दिए। युवक को उम्मीद थी कि जल्द ही उसका इंग्लैंड जाने का रास्ता साफ हो जाएगा, लेकिन इसके बाद शुरू हुआ टालमटोल का सिलसिला।

इंग्लैंड का वादा करके रूस भेजा, वहां पहुंचते ही खुलने लगा राज

पीड़ित के मुताबिक, कई महीने तक उसे इंग्लैंड भेजने के नाम पर इंतजार कराया जाता रहा। जब उसने लगातार दबाव बनाया तो आरोपित ने रूस का पर्यटक वीजा बनवा दिया। उसे भरोसा दिलाया गया कि रूस पहुंचने के बाद वहां से इंग्लैंड भेजने की व्यवस्था कर दी जाएगी।इंग्लैंड पहुंचने की उम्मीद लेकर सत्यम रूस पहुंच गया, लेकिन वहां की परिस्थितियों और आरोपितों की गतिविधियों से उसे ठगी का संदेह होने लगा। जब उसे अपने साथ धोखाधड़ी होने का एहसास हुआ तो वह किसी तरह अपने खर्च पर भारत लौट आया। आरोप है कि रूस भेजने के बावजूद आरोपित उसे लगातार इंग्लैंड भेजने का भरोसा देते रहे।

युवक के नाम पर 40 लाख का शिक्षा ऋण, पिता के खाते से कट रही किस्त

इस मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू युवक के नाम पर स्वीकृत कराया गया करीब 40 लाख रुपये का शिक्षा ऋण है। पीड़ित का आरोप है कि इंग्लैंड भेजने की प्रक्रिया के नाम पर आरोपितों ने क्रेडिला फाइनेंस लिमिटेड से उसके नाम पर करीब 40 लाख रुपये का एजुकेशन लोन स्वीकृत करा लिया।ऋण प्रक्रिया के दौरान उसके नाम से एचएसबीसी बैंक में खाता भी खुलवाया गया। आरोप है कि बैंक खाते में सत्यम का मोबाइल नंबर दर्ज कराने के बजाय आरोपितों ने अपना मोबाइल नंबर दर्ज करा दिया। इतना ही नहीं, उसके नाम से ई-मेल आइडी तैयार कर उसका संचालन भी खुद ही करते रहे।पीड़ित के अनुसार, उसे इस पूरे मामले की जानकारी होने तक उसके नाम पर भारी-भरकम कर्ज खड़ा हो चुका था। अब इस ऋण की किस्त के रूप में उसके पिता के बैंक खाते से करीब पांच हजार रुपये प्रतिमाह काटे जा रहे हैं। जिस विदेश यात्रा से परिवार को बेहतर भविष्य की उम्मीद थी, वही अब परिवार के लिए आर्थिक परेशानी बन गई है।

फीस के नाम पर आठ लाख रुपये जमा, 1.70 लाख अब भी बकाया

सत्यम ने अपनी शिकायत में उत्तराखंड के रुद्रपुर निवासी चरणप्रीत बाजवा को भी इस पूरे प्रकरण में शामिल बताया है। आरोप है कि चरणप्रीत के माध्यम से उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक में खाता खुलवाया गया और इंग्लैंड की फीस जमा कराने के नाम पर करीब आठ लाख रुपये जमा कराए गए।पीड़ित के मुताबिक, इसमें से 6.30 लाख रुपये वापस मिल गए, लेकिन करीब 1.70 लाख रुपये अभी भी वापस नहीं किए गए हैं। इसके अलावा बाद में उसे जानकारी मिली कि उसके नाम से दसवीं, बारहवीं और स्नातक की फर्जी शैक्षिक अंकतालिकाएं भी तैयार कराई गई हैं। इन कथित फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किस उद्देश्य से और कहां किया गया, यह भी जांच का विषय है।

पहले भी की थी शिकायत, समझौते के बाद भी नहीं लौटी रकम

पीड़ित ने बताया कि उसने इस मामले में पहले पुलिस अधीक्षक हापुड़ को शिकायत दी थी। इसके बाद साइबर अपराध शाखा से मामले की जांच कराई गई। सत्यम का आरोप है कि जांच के दौरान समझौता कराया गया था और चरणप्रीत बाजवा ने धोखाधड़ी की बात स्वीकार भी की थी, लेकिन इसके बावजूद अभिनव सिद्धू ने उसकी रकम वापस नहीं की।आरोप है कि जब सत्यम ने अपनी रकम और कर्ज से छुटकारा दिलाने की मांग की तो उसे जान से मारने की धमकियां मिलने लगीं। लगातार परेशान होने के बाद उसने डीआइजी मेरठ परिक्षेत्र से न्याय की गुहार लगाई।

डीआइजी के निर्देश पर दो नामजद समेत अन्य पर मुकदमा

मामले में डीआइजी के निर्देश के बाद पुलिस ने अभिनव सिद्धू, चरणप्रीत बाजवा समेत अन्य संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसपी मधुवन कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।अब जांच में यह पता लगाना महत्वपूर्ण होगा कि युवक के नाम पर 40 लाख रुपये का शिक्षा ऋण किन दस्तावेजों के आधार पर स्वीकृत हुआ, बैंक खाते और ई-मेल आइडी का संचालन किसने किया तथा कथित फर्जी शैक्षिक प्रमाण-पत्र तैयार कराने में किन लोगों की भूमिका रही। साथ ही ऋण की रकम कहां गई और पीड़ित के साथ हुई कथित धोखाधड़ी में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं, पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है।

Tags:    

Similar News