Hapur News: विधवा के घर पर जेठ का कब्जे का खेल! बेटी संग मिलकर सामान कबाड़ी को बेचा

Hapur News: हापुड़ में एक विधवा महिला ने अपने जेठ, उसकी बेटी और अन्य लोगों पर घर से सामान निकलवाकर कबाड़ी को बेचने, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

By :  Avnish Pal
Update:2026-11-18 11:59 IST

Hapur News

Hapur News: पति की मौत के बाद घर और विद्यालय की जिम्मेदारी संभाल रही विधवा महिला के सामने अब अपनों से ही विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि जेठ ने अपनी बेटी और एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर महिला की गैरमौजूदगी में घर का सामान निकलवाया और उसे कबाड़ी के हाथों बेच दिया। जब महिला को इसकी भनक लगी और उसने विरोध किया तो कथित तौर पर उसके और उसकी बेटी के साथ गाली-गलौज व मारपीट की गई। इतना ही नहीं, कनाडा में रहने वाली भतीजी पर मां-बेटी को जान से मरवाने और हत्या के बाद विदेश भाग जाने की धमकी देने का भी आरोप है। फ्रीगंज रोड स्थित भवानी बालिका विद्यालय के प्रबंधन से जुड़ा यह विवाद अब कानूनी लड़ाई में बदल गया है। न्यायालय के आदेश पर कोतवाली नगर पुलिस ने जेठ, उसकी बेटी, विद्यालय के कर्मचारी समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पति की मौत के बाद संभाली विद्यालय की जिम्मेदारी

फ्रीगंज रोड निवासी वीना कौशिक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पति राकेश कौशिक भवानी बालिका विद्यालय के प्रबंधक थे। 20 मार्च 2024 को पति की मृत्यु के बाद उन्होंने विद्यालय के प्रबंधन संबंधी कार्यों की जिम्मेदारी संभालनी शुरू कर दी। वर्तमान में उनकी बेटी प्रियंका विधिक प्रक्रिया के तहत विद्यालय की प्रबंधक है। आरोप है कि इसी प्रबंधन को लेकर उनके जेठ सुधींद्र कुमार लगातार हस्तक्षेप कर रहे हैं। वीना का आरोप है कि जेठ उनकी संपत्ति और घर के सामान पर कब्जा करना चाहते हैं।

घर पर नहीं थी विधवा, पीछे से निकलवा दिया सामान

वीना कौशिक के मुताबिक, 16 जुलाई 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे वह घर पर मौजूद नहीं थीं। इसी दौरान उनके जेठ सुधींद्र कुमार और उनकी बेटी प्रतीति जोशी ने एक अज्ञात व्यक्ति की मदद से घर का सामान बाहर निकलवा दिया। आरोप है कि सामान को कबाड़ी के हाथों बेच दिया गया। शाम करीब 5:15 बजे जब वीना घर पहुंचीं और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो कथित तौर पर पूरे घटनाक्रम की जानकारी हुई।महिला का आरोप है कि घर से सामान गायब होने के संबंध में जब उन्होंने जेठ और उनकी बेटी से सवाल किया तो विवाद शुरू हो गया। सुधींद्र कुमार, प्रतीति जोशी और विद्यालय के कर्मचारी राम सिंह बाबू ने उनके और उनकी बेटी प्रियंका के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो उसके सामने भी आरोपितों ने बदसलूकी की।

हत्या करके कनाडा चली जाऊंगी, कोई कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा

शिकायत में वीना ने अपनी भतीजी प्रतीति जोशी पर बेहद गंभीर धमकी देने का आरोप लगाया है। आरोप है कि प्रतीति ने उन्हें धमकाते हुए कहा कि हत्या करने के बाद वह कनाडा चली जाएगी और उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा। मां-बेटी को दुर्घटना में मरवाने और जान से खत्म कराने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है। इन धमकियों के बाद पीड़िता ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर सुधींद्र कुमार, प्रतीति जोशी, राम सिंह बाबू और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज, घर से निकाले गए सामान और उसकी बिक्री के साथ ही मारपीट व धमकी के आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है।

Tags:    

Similar News