Jalaun News: नाले में मिला 72 वर्षीय वृद्ध का शव, मौके पर जुटी ग्रामीणों की भीड़
Jalaun News: जालौन के कुआंखेड़ा गांव में 72 वर्षीय वृद्ध का शव नाले में उतराता मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
Jalaun Kadaura News
Jalaun News: कदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम कुआंखेड़ा में सोमवार सुबह दुर्गा मंदिर के पास पुलिया के नीचे नाले में एक वृद्ध का शव उतराता मिलने से हड़कंप मच गया। राहगीरों की नजर शव पर पड़ते ही उन्होंने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।मृतक की पहचान गांव निवासी हरकिशुन कुशवाहा (72) पुत्र स्वर्गीय ठाकुर दास के रूप में हुई है। बताया गया कि हरकिशुन के तीन पुत्र हैं। वृद्ध का शव नाले में मिलने की सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना मिलते ही कदौरा थाना प्रभारी परमेंद्र कुमार सिंह तथा हल्का प्रभारी बृजेश सिंह गंगवार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वृद्ध की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है। आशंका जताई जा रही है कि नाले में गिरने से उनकी मौत हुई होगी, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वृद्ध की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। घटना के बाद से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। फिलहाल पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।