Jhansi News: गुरु अर्जुन देव जी की शहादत को समर्पित 40 दिवसीय सुखमनी साहिब पाठ का समापन
Jhansi News: झांसी के सिंधी गुरुद्वारा रानी महल में गुरु अर्जुन देव जी की शहादत को समर्पित 40 दिवसीय सुखमनी साहिब पाठ का समापन हुआ। श्रद्धालुओं ने शबद कीर्तन, अरदास और लंगर में भाग लिया।
Jhansi News
Jhansi News: सेंट्रल सिंधी पंचायत भवन स्थित रानी महल (सिंधी गुरुद्वारा) में गुरु अर्जुन देव जी की शहादत को समर्पित 40 दिवसीय सुखमनी साहिब पाठ का शुक्रवार को श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ समापन हुआ। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरु वाणी का श्रवण किया।10 मई से 18 जून तक आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में वीर अजीत सिंह (सोनू वीर जी) द्वारा प्रतिदिन सुखमनी साहिब, चौपई साहिब एवं आनंद साहिब का पाठ किया गया। इस दौरान श्री गुरु ग्रंथ साहिब के सजे हुए दीवान में सामूहिक पाठ और शबद कीर्तन का आयोजन हुआ। गुरुद्वारे को फूलों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया था।
समापन समारोह में ‘‘अति प्रीतम मन मोहिना’’ और ‘‘घट साहिबा’’ सहित विभिन्न शबदों का गायन किया गया, जिसने संगत को भावविभोर कर दिया। भाई अजीत सिंह ने संगत को संबोधित करते हुए खालसा पंथ की स्थापना और सिख इतिहास की महत्वपूर्ण घटनाओं पर प्रकाश डाला।झूलेलाल सिंधी महिला शक्ति संगठन की बबीता हासानी ने कहा कि इस पाठ के माध्यम से गुरु अर्जुन देव जी के बलिदान और उनकी शिक्षाओं को स्मरण करते हुए संगत ने उन्हें जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। हर्षा कोडवानी ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में एकता और सद्भाव को मजबूत करते हैं।
सेंट्रल सिंधी पंचायत के अध्यक्ष हरीश हासानी ने आयोजन को श्रद्धा और समर्पण का प्रतीक बताते हुए कहा कि जल्द ही भव्य झूलेलाल मंदिर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।कार्यक्रम के अंत में विश्व शांति, सुख-समृद्धि और मानव कल्याण के लिए विशेष अरदास की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए भव्य लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।इस अवसर पर राम आहूजा, आकाश खियानी, महेश पवानी, सुरेश ठारवानी, जयकिशन फव्यानी, हर्षा माखीजा, मधु आहूजा, बबीता हासानी, सुमन दलवानी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।