Jhansi News: रानी लक्ष्मीबाई के बलिदान दिवस पर झांसी विश्वविद्यालय ने दी श्रद्धांजलि
Jhansi News : झांसी विश्वविद्यालय में रानी लक्ष्मीबाई के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित, कुलपति ने बताया उन्हें राष्ट्र की प्रेरणास्रोत।
Jhansi News
Jhansi News : वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के बलिदान दिवस पर गुरुवार को रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, झांसी में राष्ट्रनायिका एवं स्वतंत्रता संग्राम की महान वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित उनकी प्रतिमा पर दीपांजलि एवं पुष्पांजलि अर्पित कर विश्वविद्यालय परिवार ने उनके अद्वितीय साहस, राष्ट्रप्रेम, स्वाभिमान और मातृभूमि के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान को स्मरण किया।
इस अवसर पर कुलपति डॉ. अशोक कुमार सिंह ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई केवल झांसी की गौरवगाथा नहीं, बल्कि सम्पूर्ण भारत की प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने अपने अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और मातृभूमि के प्रति समर्पण से ऐसा इतिहास रचा, जो सदियों तक देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा। उनका जीवन त्याग, संघर्ष, नेतृत्व क्षमता और आत्मसम्मान का अनुपम उदाहरण है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के स्वयंसेवकों ने भी रानी लक्ष्मीबाई के जीवन और बलिदान को स्मरण करते हुए राष्ट्रहित, सामाजिक उत्तरदायित्व, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से समाज सेवा का संकल्प लिया। एनएसएस स्वयंसेवकों ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई का त्याग और राष्ट्रप्रेम युवाओं के लिए प्रेरणा का अक्षय स्रोत है तथा उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम के अंत में विश्वविद्यालय परिवार ने वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के निदेशक, अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, वैज्ञानिक, शिक्षक, राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के कार्यक्रम अधिकारी, स्वयंसेवक, विद्यार्थी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
----------