Jhansi News: इन्वेस्ट यूपी से मिली रफ्तार, झांसी का बीडा बनेगा निवेश का बड़ा केंद्र

Jhansi News: झांसी का बीडा (बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण) उत्तर प्रदेश में निवेश का बड़ा केंद्र बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है। पर्यावरणीय मंजूरी मिलने के बाद इन्वेस्ट यूपी और इन्वेस्ट इंडिया के माध्यम से निवेशकों की रुचि बढ़ी है। योगी सरकार का ड्रीम प्रोजेक्ट जल्द ही औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को नई दिशा देने जा रहा है।

Update:2026-06-18 18:50 IST

Jhansi News(Photo-Social Media)

Jhansi News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ड्रीम प्रोजेक्ट बुंदेलखंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी यानि बीडा प्रदेश में इनवेस्टमेंट का बड़ा डेस्टिनेशन बनने की ओर अग्रसर है। बीडा को ग्रीनफील्ड इंडस्ट्रियल सिटी परियोजना के रूप में भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय से पर्यावरणीय मंजूरी मिलने के बाद इन्वेस्ट यूपी और इन्वेस्ट इंडिया को इस बात से अवगत करा दिया गया है, जिससे निवेशकों तक इस प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी पहुंचाई जा सके।

इन्वेस्ट यूपी और इन्वेस्ट इंडिया के माध्यम से बहुत सारे निवेशकों को बीडा के बारे में जानकारी प्रदान की गई है और उन्हें इस प्रोजेक्ट तक लाने में सफलता भी मिली है। इन्वेस्ट यूपी और इन्वेस्ट इंडिया इनवेस्टमेंट को प्रोत्साहित करने और उन्हें सुविधा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इन दोनों ही संस्थाओं के माध्यम से बीडा की ओर इनवेस्टमेंट को आकर्षित करने में काफी मदद मिल रही है। इसे लेकर बीडा के अधिकारी भी काफी उत्साहित हैं।

बुंदेलखंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी के सीईओ संजय कुमार खत्री ने बताया कि बीडा को भारत सरकार से पर्यावरणीय मंजूरी मिलने के बाद इन्वेस्ट यूपी और इन्वेस्ट इंडिया को अवगत करा दिया गया है। निवेशकों को बीडा के बारे में जानकारी प्रदान करने और उन्हें निवेश के लिए प्रोत्साहित करने में इनसे काफी मदद मिल रही है।

Tags:    

Similar News