Jhansi News: भारतीय मजदूर संघ ने आठवें वेतन आयोग लागू करने की मांग
Jhansi News: भारतीय मजदूर संघ ने मुख्यमंत्री को 20 सूत्रीय मांगपत्र भेजकर आठवें वेतन आयोग, आशा-आंगनबाड़ी मानदेय वृद्धि, संविदा कर्मियों के नियमितीकरण और सामाजिक सुरक्षा की मांग उठाई।
भारतीय मजदूर संघ ने आठवें वेतन आयोग लागू करने की मांग (Photo- Newstrack)
Jhansi News: झांसी। भारतीय मजदूर संघ की प्रांतीय कार्यसमिति की बैठक में लिए गए निर्णय के क्रम में विभाग प्रमुख चंद्रकांत चतुर्वेदी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश को 20 सूत्रीय मांगपत्र प्रेषित किया।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से मांग की गई कि आठवें वेतन आयोग को तत्काल लागू करते हुए न्यूनतम वेतन 72,000 निर्धारित किया जाए। आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाकर न्यूनतम 18,000 तथा आशा संगिनियों का मानदेय 24,000 किया जाए और सभी को सामाजिक सुरक्षा का लाभ प्रदान किया जाए। आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों एवं सहायिकाओं को नियमित करते हुए न्यूनतम 18,000 मानदेय तथा सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।
भारतीय मजदूर संघ ने ये भी मांग उठाई
इसके अतिरिक्त वर्ष 2001 से पूर्व के संविदा कर्मचारियों को नियमित किया जाए, उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में मृतक आश्रितों को नियुक्ति संबंधी आदेशों का पालन कराया जाए, पटरी, रेहड़ी एवं दुकानदारों को समुचित स्थान उपलब्ध कराया जाए तथा उनका उत्पीड़न बंद किया जाए।
ई-रिक्शा एवं ऑटो चालकों के लिए निर्धारित स्टैंड बनाए जाएं तथा पुलिस उत्पीड़न तत्काल प्रभाव से रोका जाए। ज्ञापन में एनएचएम के सभी संविदा कर्मियों की बीमा, स्थानांतरण एवं वेतन संबंधी समस्याओं का समाधान करने, ईएसआई की अनिवार्यता समाप्त करने, 108 एवं 102 एंबुलेंस सेवा के बर्खास्त कर्मचारियों की बहाली करने तथा धनवाही व्यवस्था बंद करने की भी मांग की गई।
भारतीय मजदूर संघ ने ई-रिक्शा चालक, ऑटो चालक, धोबी, दर्जी, बढ़ई, लोहार, मोची एवं कुम्हार जैसे पारंपरिक श्रमिकों को मजदूर की श्रेणी में शामिल कर सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने, प्रदेश के सभी जिला सहकारी बैंकों के कर्मचारियों के लंबित वेतन का भुगतान करने, कृषि, ग्रामीण एवं दिहाड़ी मजदूरों के पारिश्रमिक में वृद्धि की जाए।