Jhansi News: झांसी में DM बने शिक्षक, बच्चों को पढ़ाया गणित, स्कूल निरीक्षण में परखी शिक्षा व्यवस्था

Jhansi News: झांसी में डीएम गौरांग राठी ने कम्पोजिट विद्यालय सीपरी बाजार का औचक निरीक्षण किया। बच्चों को गणित पढ़ाया, मिड-डे मील जांचा और शिक्षा व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

Update:2026-05-12 18:16 IST

Jhansi News(Photo-Social Media)

Jhansi News: झांसी के जिलाधिकारी गौरांग राठी ने मंगलवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष सैनी के साथ कम्पोजिट विद्यालय सीपरी बाजार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम शिक्षक की भूमिका में नजर आए और उन्होंने बच्चों को गणित का पाठ पढ़ाते हुए सवाल हल करना भी सिखाया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं, शिक्षण गुणवत्ता और मिड-डे मील व्यवस्था का भी जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रधानाध्यापिका श्रीमती बिल्फीस बेगम से विद्यालय में तैनात शिक्षकों और स्टाफ की जानकारी प्राप्त की। प्रधानाध्यापिका ने बताया कि विद्यालय में एक प्रधानाध्यापिका, एक सहायक अध्यापक श्रीमती ज्योत्सना विसेन, एक शिक्षामित्र श्रीमती कीर्ति शर्मा और एक अनुदेशक/टेक्निकल इंस्ट्रक्टर एलबीडी तैनात हैं। वहीं एक अन्य सहायक अध्यापक अजय चंदेल का संबद्धीकरण प्राथमिक विद्यालय ऋषिकुंज में किया गया है।

जिलाधिकारी ने विद्यालय की उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया और सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति जांची। प्रधानाध्यापिका ने बताया कि सभी की उपस्थिति पोर्टल पर अपडेट कर दी गई है। इस पर डीएम ने निर्देश दिए कि सभी शिक्षक समय पर विद्यालय पहुंचकर बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापिका ने डीएम को बताया कि विद्यालय में जूनियर वर्ग के लिए पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं। इस पर जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को आवश्यक निर्देश जारी किए। इसी दौरान विद्यालय में प्रवेश लेने आई इंदिरानगर निवासी बालिका अंशिका अपनी मां के साथ पहुंची। जिलाधिकारी ने अंशिका को दुलार करते हुए चॉकलेट भेंट की और विद्यालय में अधिक से अधिक बच्चों का पंजीकरण कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कक्षा 6, 7 और 8 का भी निरीक्षण किया। कम छात्र संख्या के कारण तीनों कक्षाएं संयुक्त रूप से संचालित की जा रही थीं। डीएम ने बच्चों से पढ़ाई, किताबों और यूनिफॉर्म वितरण के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कक्षा 6 की छात्रा जायरा खान से पढ़ाई के संबंध में सवाल पूछे और पुस्तकों का अवलोकन किया।

शिक्षा की गुणवत्ता जांचने के लिए जिलाधिकारी ने कक्षा 7 के बच्चों से हिंदी पाठ्यपुस्तक से पाठ पढ़वाया। छात्रा वाणी शिल्पकार और छात्र उदय द्वारा सही पाठन करने पर उन्होंने उनका उत्साहवर्धन करते हुए चॉकलेट दी। इसके बाद डीएम ने मिड-डे मील व्यवस्था का निरीक्षण करने के लिए रसोईघर का भ्रमण किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता जांची और तैयार दाल-चावल को देखा। प्रधानाध्यापिका ने बताया कि विद्यालय में तीन रसोइया तैनात हैं, लेकिन रसोइया सुनीता को पिछले नवंबर से मानदेय नहीं मिला है। इस पर डीएम ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को नियमानुसार भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान रसोईघर में अत्यधिक गर्मी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने रसोइयों के लिए पंखे की व्यवस्था करने को कहा। प्रधानाध्यापिका ने बताया कि विद्यालय में टेबल फैन उपलब्ध है। इस पर डीएम ने निर्देश दिए कि गर्मी को देखते हुए तुरंत रसोईघर में पंखा लगाया जाए। जिलाधिकारी ने बच्चों के लिए पेयजल व्यवस्था की भी जानकारी ली। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि मल्टीपरपज हैंडवॉश सिस्टम के माध्यम से पेयजल की व्यवस्था की गई है। डीएम ने निर्देश दिए कि भीषण गर्मी को देखते हुए बच्चों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जाए। इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष सैनी, विद्यालय की प्रधानाध्यापिका, शिक्षकगण और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News