Kanpur Dehat News: अखिलेश यादव ने राघवेंद्र सिंह यादव को दी पुष्पांजलि, बीजेपी सरकार पर बोला हमला
Kanpur Dehat News: कानपुर देहात के पहाड़पुर में अखिलेश यादव ने राघवेंद्र यादव को श्रद्धांजलि दी और किसान, स्वास्थ्य, पेपर लीक समेत कई मुद्दों पर बीजेपी सरकार को घेरा।
अखिलेश यादव ने राघवेंद्र सिंह यादव को दी पुष्पांजलि, बीजेपी सरकार पर बोला हमला (Photo- Newstrack)
Kanpur Dehat News: कानपुर देहात में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव रसूलाबाद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पहाड़पुर पहुंचे। यहां उन्होंने कर्नल जितेंद्र सिंह यादव के निवास स्थान पर जाकर उनके दिवंगत भाई राघवेंद्र सिंह यादव के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की और अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। अखिलेश यादव के पहाड़पुर पहुंचने की जानकारी मिलते ही उन्हें सुनने और देखने के लिए ग्रामीणों और सपा कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में भीड़ जुट गई।
बीजेपी सरकार पर अखिलेश यादव का तीखा हमला
परिजनों से मुलाकात और संवेदना व्यक्त करने के बाद अखिलेश यादव ने पत्रकारों और वहां मौजूद जनसमूह को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखे जुबानी हमले किए। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार की ओर से किए गए तमाम वादे महज कागजों तक सीमित रह गए हैं।
उन्होंने किसानों की स्थिति का मुद्दा उठाते हुए कहा कि प्रदेश का किसान खाद के लिए लंबी लाइनों में खड़ा है और उसे अपनी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि हालात ऐसे हैं कि किसानों को अपना आलू एक रुपये प्रति किलो के हिसाब से बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
स्वास्थ्य सेवाओं और पेपर लीक को लेकर सरकार को घेरा
अखिलेश यादव ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कानपुर देहात समेत पूरे प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह वेंटिलेटर पर हैं। सरकारी अस्पतालों में न तो दवाएं उपलब्ध हैं और न ही मरीजों के इलाज की समुचित व्यवस्था है।
लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाओं को लेकर भी उन्होंने सरकार पर निशाना साधा। अखिलेश यादव ने कहा कि योग्य युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। बार-बार पेपर रद्द होने से युवाओं का सरकार से विश्वास उठ चुका है। उन्होंने दावा किया कि देश का युवा अपने हक के लिए एकजुट होगा और आगामी चुनावों में सत्ता परिवर्तन करने का काम करेगा।
सत्ता में आने पर रसूलाबाद में हाईटेक बस अड्डे का ऐलान
अखिलेश यादव ने रसूलाबाद विधानसभा क्षेत्र के विकास को लेकर भी दो बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर रसूलाबाद का चौमुखी विकास कराया जाएगा। इसी क्रम में उन्होंने लखनऊ की तर्ज पर रसूलाबाद में विशाल और सर्वसुविधायुक्त हाईटेक बस अड्डा बनवाने का ऐलान किया।
उन्होंने कहा कि रसूलाबाद के लोगों को आधुनिक परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राजधानी लखनऊ की तर्ज पर बस स्टैंड का निर्माण कराया जाएगा।
प्रेस क्लब के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा
अखिलेश यादव ने पत्रकारों के हित में भी बड़ी घोषणा की। उन्होंने रसूलाबाद में प्रेस क्लब के निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर क्षेत्र के विकास के साथ पत्रकारों से जुड़े हितों का भी ध्यान रखा जाएगा।
इस मौके पर समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पूर्व विधायक, जिलाध्यक्ष, स्थानीय पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम में मौजूद नेताओं ने अखिलेश यादव के नेतृत्व में संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।