Kanpur News: ‘दो बेचारे घूमे मारे-मारे, बिना सहारे’ कहावत नितेश और तेजस्वी के बारे में सही साबित हुईः दिनेश शर्मा

Kanpur News: गोविंद नगर सिंधी समाज के सम्मान समारोह में पहुंचे पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा। विपक्ष पर कहा कि बिन दूल्हे की बारात अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए तत्पर नहीं है, प्रधानमंत्री मोदी अब एक संस्था बन चुकी है।

Update: 2023-07-30 10:49 GMT

Kanpur News: रविवार को उत्तर प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कहा कि पूरे देश का वातावरण मोदी मय है। मोदी एक नाम नहीं अब संस्था बन चुकी है। विश्व के सर्वोच्च नेताओं के रूप में मोदी जी ने खुद को स्थापित किया है। जो विपक्ष है, वह बंटा है। बिन दूल्हे की बारात अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए तत्पर नहीं है। विपक्ष की ना कोई नीति है, ना कोई सिद्धांत है।

एक दूसरे का गला दबाने में लगा रहता है विपक्ष

दिनेश शर्मा ने कहा कि लोकसभा या विधानसभा का चुनाव आता है। तब विपक्षी नेताओं की गूंज सुनाई पड़ती है, एक-दूसरे का गला दबाने वाले, एक दूसरे के गले लगते दिखाई देते हैं। जो लोग एक दूसरे को चोर और बेईमान कहकर संबोधित करते हैं। वह लोग भी एक दूसरे से गले मिलते दिखाई देते हैं। आम आदमी पार्टी भी आम आदमी को छोड़कर भ्रष्टाचारियों का साथ दे रही है। विपक्ष मोदी जी के सामने खुद को अक्षम महसूस कर रहा है।

‘बिना सहारे, दो बेचारे घूमें मारे-मारे!’

पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने कहा कि ’दो बेचारे घूमे मारे मारे, बिना सहारे’ कहावत नितेश और तेजस्वी के बारे में साबित हुई है। भारतीय जनता पार्टी बहुत मजबूत व हमेशा महिलाओं के सम्मान के लिए काम करती है। जनता का भी सहयोग पार्टी को खूब मिल रहा है।

मणिपुर की घटना पर ये कहा

दिनेश शर्मा ने कहा कि मणिपुर की घटना निश्चित रूप से निंदा की बात है। घटना दोबारा ना हो इसके लिए गृह मंत्रालय द्वारा कठोर कार्रवाई की जा रही है। मणिपुर तो चिंता का विषय हम सब के लिए है। उससे ज्यादा चिंता बंगाल की है। जहां पर हजारों महिलाओं के साथ ऐसा होता आ रहा है। उन्होंने कहा कि अभी मैं 12 दिन के प्रवास में बंगाल में था। वहां आतंक का अड्डा बना हुआ है। विपक्ष को एक टीम वहां भी लगानी चाहिए।

महिला अत्याचार पर राहुल गांधी को एक टीम राजस्थान भेजनी चाहिए

पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि राहुल गांधी को अपनी एक टीम राजस्थान में हो रहे महिलाओं पर अत्याचार के लिए वहां भेजनी चाहिए। सोनिया गांधी हरियाणा में जाकर राहुल गांधी की शादी की बात तो करती हैं। मगर, 20 किलोमीटर दूर राजस्थान में महिलाओं का अत्याचार उन्हें नहीं दिखाई देता है। वहां जंगलराज बन गया है।

लोकसभा चुनाव में 80 सीटों पर विपक्ष का सूपड़ा साफ होगा

दिनेश शर्मा ने दावा किया कि 2024 के चुनाव में उत्तर प्रदेश के अंदर पूरे 80 सीटों पर विपक्ष का सूपड़ा साफ होने वाला है। चाहे रोजगार की बात करें या सड़कों की सभी में सरकार ने बहुत काम किया है। जो आप सबके सामने हैं। ओपी राजभर के शामिल होने की बात पर उन्होंने कहा कि ओपी राजभर पहले भी बीजेपी में थे और चुनाव लड़े थे, जीते भी थे। वह किस कारण से सपा में शामिल हुए इस बात की सफाई पर खुद ही दे चुके हैं।

Tags:    

Similar News