Lakhimpur Kheri: दबंगों ने गिराया महिला का मकान, कार्यवाई में देरी हुई तो एसपी ने दो पुलिसकर्मियों को किया निलंबित

Lakhimpur Khiri: पीड़ित पक्ष इस बात का आरोप लगा रहा है कि दबंगों ने 15 से 20 लोग के साथ मकान गिराया।

Update: 2022-08-26 08:07 GMT

दबंगों ने गिराया महिला का मकान 

Lakhimpur Khiri: यूपी के लखीमपुर खीरी जिले के थाना भीरा क्षेत्र में दबंगों ने एक मकान को ट्रैक्टर से गिरा दिया। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा। जिसमें दबंग ट्रैक्टर द्वारा मकान गिराते हुए दिखाई दे रहा है। मामले में भीरा थाना में शिकायत की गई। जानकारी के अनुसार जमीनी विवाद के चलते घर गिराया गया।

ट्रैक्टर से पहले घर के एक हिस्से को तोड़ा और फिर देखते ही देखते पूरे घर को गिरा दिया। यहां पर अख्तरी बेगम अपने बच्चों के साथ अपना मकान बनवा कर रहती थी। जिसका जमीनी विवाद पड़ोस में रहने वाले गुरूबख्श सिंह और नसीब सिंह के साथ चल रहा था। पीड़ित पक्ष इस बात का आरोप लगा रहा है कि दबंगों ने 15 से 20 लोग के साथ मकान गिराया।

आरोप है कि गुरूबख्श सिंह और नसीब सिंह अपने 15 से 20 लोगों के साथ आया और ट्रैक्टर से उनके घर को गिरा दिया। दबंगों ने घर का सारा सामान घर के बाहर फ़ेंक दिया। इस दौरान अख्तरी बेगम की बेटी और दामाद वीडियो बना लिए। इसे सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस ने कार्रवाई कर इस मामले में 3 लोगों को गिरफ्तार किया।

दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर जांच के आदेश

इस मामले में देरी से कार्रवाई करने को लेकर नाराज पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने तत्काल प्रभाव से दो पुलिसकर्मियों एसएसआई और एसओ बीरा दीपक राठौर को निलंबित कर उनके खिलाफ विभागीय जांच का आदेश भी दे दिया। जांच अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह को सौंपी गयी है।

पीड़ित अख्तरी बेगम ने पलिया विधायक हरविंदर सिंह साहनी उर्फ रोमी साहनी से मिलकर अपना दर्द बताया तो उन्होंने पूरी मदद का आश्वासन देते हुए तत्काल ₹5000 की आर्थिक मदद की।

Tags:    

Similar News