Lakhimpur News:विभाजन विभीषिका दिवस पर विकास भवन में लगी प्रदर्शनी, विस्थापित परिवारों का हुआ सम्मान
Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी के विकास भवन में विभाजन विभीषिका दिवस पर प्रदर्शनी लगाई गई। विधायक, डीएम और भाजपा जिलाध्यक्ष ने अवलोकन कर विभाजन में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी और विस्थापित परिवारों को सम्मानित किया।
Lakhimpur Kheri News
Lakhimpur Kheri News: जिले में शुक्रवार को विभाजन विभीषिका दिवस मनाया गया। जिला प्रशासन के तत्वावधान में विकास भवन में आयोजित प्रदर्शनी का विधायक सदर योगेश वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता और डीएम अंजनी कुमार सिंह ने सीडीओ अभिषेक कुमार, अधिकारियों एवं जनसामान्य के साथ अवलोकन किया। सीडीओ ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित चित्रों और विभाजन की त्रासदी से जुड़ी सामग्री के संबंध में जानकारी दी।
प्रदर्शनी के बाद विकास भवन सभागार में दो मिनट का मौन रखकर विभाजन की त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान माहौल गंभीर और भावुक रहा। डीएम अंजनी कुमार सिंह और सीडीओ अभिषेक कुमार ने विभाजन की विभीषिका से प्रभावित परिवारों के पाल सिंह, अशोक तोलानी, सेवक सिंह अजमानी, अमरजीत सिंह अजमानी, गुरुदेव सिंह, निर्मल सिंह, ज्ञानी दलजीत सिंह, प्रजोत सिंह बग्गा, गुरूनाम सिंह, श्रवण सिंह, हरजीत सिंह, जरनैल सिंह और रंजीत सिंह छाबड़ा का माल्यार्पण कर शाल भेंटकर सम्मान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मानव विस्थापन और पलायन की हृदयविदारक गाथा को याद करने का अवसर है। भारत का विभाजन अभूतपूर्व मानव विस्थापन और पलायन की दर्दनाक कहानी रहा है।विधायक सदर योगेश वर्मा ने कहा कि विभाजन की त्रासदी में अपना सब कुछ खो देने वाले असंख्य लोगों के संघर्ष और बलिदान को राष्ट्र नमन करता है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को इतिहास की इस पीड़ा से अवगत कराना जरूरी है, ताकि वह इससे सीख ले सके।डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि यह दिवस विभाजन की त्रासदी में जान गंवाने वालों और विस्थापन का दंश झेलने वाले परिवारों को श्रद्धापूर्वक याद करने का अवसर है। इतिहास केवल ज्ञान नहीं देता, बल्कि उससे सीख लेने की प्रेरणा भी देता है।
विभाजन की पीड़ा हमें यह संकल्प देती है कि भविष्य में किसी को ऐसी विभीषिका का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भारत आए विस्थापितों ने मेहनत और संकल्प से अपने जीवन को संवारा। उनकी जीवटता और संघर्ष आज भी प्रेरणादायी है।सीडीओ अभिषेक कुमार ने कहा कि विभाजन के दौरान प्राण न्योछावर करने वाले लोगों की स्मृति और उस दौर में लाखों लोगों द्वारा झेली गई यातना, पीड़ा और वेदना को वर्तमान एवं भावी पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जा रहा है। यह दिवस देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन की ओर से विकास भवन में आयोजित प्रदर्शनी डीएम अंजनी कुमार सिंह के मार्गदर्शन और सीडीओ अभिषेक कुमार की अगुवाई में डीपीआरओ विशाल सिंह ने तैयार कराई। कार्यक्रम में पीडी सतीश कुमार पाण्डेय, डीपीआरओ विशाल सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।