Lakhimpur News: आवारा पशु सामने आने से हुए हादसे में ग्राम प्रधान की मौत, दो घायल

Lakhimpur News: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में शुक्रवार की रात अचानक आवारा पशु सामने आने से भीषण सड़क हादसा हो गया।

Update: 2024-06-15 11:42 GMT

हादसे के बाद दुर्घटनाग्रस्त कार। Source- Newstrack 

Lakhimpur News: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में शुक्रवार की रात अचानक आवारा पशु सामने आने से भीषण सड़क हादसा हो गया। घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि अन्य दो लोग बुरी तरह से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात युवा ग्राम प्रधान गुरुलाल सिंह (25) अपने दो साथियों के साथ फॉर्च्यूनर से बांकेगंज स्थित अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान बांकेगंज फार्म पर गाल गोदाम के पास सड़क पर अचानक आवारा पशु आ जाने से फार्च्यूनर अनियंत्रित होकर एक खम्भे से जा टकराई। हादसे में कार सवार प्रधान समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को कोतवाली क्षेत्र के प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने सभी को लखनऊ रेफर कर दिया।

लखनऊ जाते समय हुई प्रधान की मौत

इलाज हेतु लखनऊ आने के दौरान रास्ते में ही ग्राम प्रधान की मौत हो गई जबकि दो लोगों का लखनऊ में इलाज चल रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पूरी घटना गोला तहसील क्षेत्र के कुकर बांकेगंज फार्म पर गाल गोदाम के पास की है। मृतक अवतार सिंह के 25 वर्षीय पुत्र गुरुलाल हैं जबकि दो अन्य घायलों में नवजोत सिंह पुत्र गुरप्रीत व लवप्रीत हैं।

एयरबैग से बची अन्य दो लोगों की जान

तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार खम्भे से टकराने के बाद उसमे लगे एयरबैग खुल गए। सड़क पर तीव्र मोड़ होने कारण गाड़ी पहले सीमेंट के खंभे से टकराई उसके बाद 11 केवी लोहे के पोल में टकराते हुए पीपल के पेड़ से लड़ गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षतिग्रस्त वाहन का मलबा 30 मीटर तक फैला हुआ था। लोगों ने विद्युत विभाग और वन विभाग पर भी बड़ी लापरवाही का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि रोड चौड़ीकरण करने के बावजूद अभी तक न ही विद्युत पोल शिफ्ट किए गए और न ही पेड़ कटवाए गए।

50 ग्राम पंचायतों में सबसे युवा प्रधान थे गुरुलाल

क्षेत्र में हुई इस घटना से सारे इलाके में गम का माहौल है। लोगों ने बताया कि गुरुलाल अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। घटना के बाद परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार गुरुलाल सिंह विकासखंड बांकेगंज की 50 ग्राम सभाओं में अपनी ग्राम पंचायत के सबसे युवा प्रधान थे और राजनीति में भी अपनी पकड़ रखते थे। वह कई बार सपा प्रमुख अखिलेश यादव से भी मिल चुके थे। मृतक गुरुलाल का विवाह 4 वर्ष पहले हुआ था और वह अपने पीछे एक बेटा और पत्नी छोड़ गए हैं।

Tags:    

Similar News