Lucknow News: SBSP ने विदेशी आक्रांताओं के नाम पर आयोजनों पर प्रतिबंध लगाने की मांग: विदेशी आक्रांताओं के नाम पर मेला बर्दाश्त नहीं: डॉ. अरविंद
डॉ. अरविंद राजभर ने महाराजा सुहेलदेव को चक्रवर्ती सम्राट और राष्ट्रवीर बताते हुए कहा कि उन्होंने बहराइच के मैदान में विदेशी आक्रांताओं को हराकर भारत की संस्कृति और सम्मान की रक्षा की। ऐसे वीर नायकों के नाम पर ही मेले आयोजित किए जाने चाहिए।;
Lucknow News: Photo-Social Media
Lucknow News: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के महासचिव डॉ. अरविंद राजभर ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी विदेशी आक्रांताओं के नाम पर किसी भी प्रकार के मेलों या आयोजनों का समर्थन नहीं करेगी। वहीं 10 जून को महाराजा सुहेलदेव राजभर की जयंती के अवसर पर भव्य मेला आयोजित किया जाएगा, जिसमें भारतीय इतिहास और संस्कृति को सम्मानित किया जाएगा।
विदेशी आक्रांताओं के नाम पर आयोजन नहीं करेंगे सहन: डॉ. अरविंद
सुभासपा के महासचिव डॉ. अरविंद राजभर ने कहा कि भारत पर विदेशी आक्रांताओं ने हमले किए और देश की 585 रियासतों को हराने का प्रयास किया। इन आक्रांताओं ने भारतीय संस्कृति, सभ्यता और सनातन परंपरा को नष्ट करने की साजिश की। उनके खिलाफ जो विरोध कर रहे हैं, उनका सुभासपा पूरा समर्थन करेगी। उन्होंने विशेष रूप से सोमनाथ मंदिर के ध्वस्त होने और महिलाओं व बच्चों के खिलाफ किए गए अत्याचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे आक्रांताओं के नाम पर किसी भी आयोजन का विरोध किया जाएगा। डॉ. राजभर ने कहा कि जिन लोगों ने भारतीय संस्कृति की रक्षा की, उनके नाम पर ही मेले और उत्सव होने चाहिए।
महाराजा सुहेलदेव की वीरता को मिलेगा सम्मान
डॉ. अरविंद राजभर ने महाराजा सुहेलदेव को चक्रवर्ती सम्राट और राष्ट्रवीर बताते हुए कहा कि उन्होंने बहराइच के मैदान में विदेशी आक्रांताओं को हराकर भारत की संस्कृति और सम्मान की रक्षा की। ऐसे वीर नायकों के नाम पर ही मेले आयोजित किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर मेला लगाना ही है, तो वह महाराजा सुहेलदेव राजभर, पृथ्वीराज चौहान, गुहराज निषाद, दामोदर चापेकर और अशफाक उल्ला खान जैसे महान देशभक्तों के नाम पर ही आयोजित किया जाए।
सुभासपा का सरकार को समर्थन
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने केंद्र और राज्य सरकार से अपील की है कि विदेशी आक्रांताओं के नाम पर होने वाले आयोजनों पर प्रतिबंध लगाया जाए। डॉ. राजभर ने यह भी कहा कि सरकार को इस पहल में आगे बढ़ने की आवश्यकता है, और यदि सरकार ऐसा करती है, तो सुभासपा उसका पूरा समर्थन करेगी।
राज्यभर में आयोजित होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
आगामी 10 जून को महाराजा सुहेलदेव की जयंती के मौके पर राज्यभर में मेले और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस आयोजन का उद्देश्य भारतीय संस्कृति और ऐतिहासिक गौरव को पुनर्स्थापित करना है और राष्ट्रवीरों की गाथाओं को जन-जन तक पहुंचाना है।
सुभासपा का स्पष्ट संदेश
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने अपनी मंशा साफ करते हुए कहा है कि विदेशी आक्रांताओं के नाम पर किसी भी प्रकार के आयोजन का समर्थन नहीं किया जाएगा। पार्टी ने ऐतिहासिक नायकों को उचित सम्मान देने के लिए सरकार और जनता से इस दिशा में आगे आने की अपील की है।