UP: वोट की राजनीति के लिए मुख्तार के घर गये थे अखिलेश, जयवीर सिंह ने कसा तंज

UP: मंत्री जयवीर सिंह ने मीडिया को दिये एक बयान में सपा पर परिवारवाद का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा सिर्फ परिवार के लोगों को ही टिकट देती है।

Update: 2024-04-08 06:45 GMT

जयवीर सिंह ने अखिलेश यादव पर कसा तंज (सोशल मीडिया)

UP News: पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने सपा मुखिया अखिलेश यादव के मुख्तार अंसारी के परिजनों से मुलाकात पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि वह वोट की राजनीति के लिए मुख्तार अंसारी के घर गये थे। उल्लेखनीय है कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव रविवार को गाजीपुर पहुंचे थे। वहां उन्होंने मुख्तार अंसारी के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना प्रकट की थी।

इसके बाद से ही भाजपा नेता सपा प्रमुख पर निशाना साध रहे हैं। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने दावा करते कहा कि इस लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी का खाता भी नहीं खुलेगा। सपा के खाते में एक भी सीट नहीं जाएगी। लोकसभा चुनाव में भाजपा के प्रचंड जीत होगी। उन्होंने कहा कि इस बार मैनपुरी सीट पर भी भाजपा की विजय होगी।

मंत्री जयवीर सिंह ने मीडिया को दिये एक बयान में सपा पर परिवारवाद का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा सिर्फ परिवार के लोगों को ही टिकट देती है। उन्होंने कहा कि चाहे वह विधानसभा चुनाव हो या नगर निकाय का चुनाव। जनता हमेशा नीतियों और रीतियों के आधार पर ही पांच साल के लिए सरकार चुनती है।

उत्तर प्रदेश ने समाजवादी पार्टी की गुंडई और अपराध को पांच साल तक झेला है। उत्तर प्रदेश की जनता बदमाशों के भूमि कब्जाने को अभी भी भूली नहीं है। इसलिए जनता ने आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा को विजयी बनाने का मन बना लिया है। आगामी चुनाव में विपक्ष का सूपड़ा साफ हो जाएगा और भाजपा 400 पार सीटें जीतकर रिकॉर्ड कायम करेगी।

Tags:    

Similar News