Lucknow News: दारू पार्टी में चली गोली, BBD छात्रा की मौत; लखनऊ के दयाल रेजीडेंसी में बवाल

Lucknow News: लड़की को फौरन घायल अवस्था में लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update: 2023-09-21 05:29 GMT

Lucknow News:लखनऊ के दयाल रेजिडेंसी में बड़ी घटना घटी है। यहां कुछ लड़के और लड़कियां दारू पार्टी कर रहे थे। इस दौरान गोली चल गई, जिसमें निष्ठा त्रिपाठी नामक लड़की गंभीर रूप से जख्मी हो गई। लड़की को फौरन घायल अवस्था में लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस घटना को लेकर मृतक के साथ पार्टी कर रहे छात्र आदित्य पाठक सहित दो लोगों को हिरासत में ले लिया है। 

जानकारी के मुताबिक, चिनहट कोतवाली क्षेत्र के दयाल रेजिडेंसी में कुछ दोस्त पार्टी कर रहे थे। पार्टी में जाम भी छलक रहा था। इसी दौरान किसी ने गोली चला दी, जो निष्ठा त्रिपाठी नामक लड़की को जा लगी। निष्ठा बाबू बनारसी दास विश्वविद्यालय की छात्रा बताई जा रही है। गोली चलने की आवाज आते ही इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग फौरन घटनास्थल की ओर दौड़े। वहां उन्होंने देखा कि गोली लगने के कारण छात्रा जख्मी होकर बेसुध पड़ी हुई है। मौके पर काफी खून बहा हुआ था। इसके बाद आननफानन में एंबुलेंस को बुलाया गया और पीड़िता को लोहिया अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, वहां उसे बचाया न जा सका। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हरदोई जिले की रहने वाली मृतक छात्रा

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मृतक छात्रा हरदोई जिले की रहने वाली थी और यहां हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। वारदात की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है। वहीं, मृतका के साथ पार्टी में शामिल छात्र आदित्य पाठक सहित दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने उनसे इसे बारे में पूछताछ कर रही है। वहीं, जिस बंदूक से गोली चली थी, उसे भी जब्त कर लिया गया है।

बंदूक के बारे में पता लगाया जा रहा है। अवैध होने की सूरत में मर्डर के साथ-साथ आर्म्स एक्ट का भी चार्ज लगेगा। मृतक छात्रा के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद शव उन्हें सौंप दिया जाएगा। निष्ठा त्रिपाठी के पिता संतोष तिवारी यूपी सहकारी ग्राम विकास बैंक में सीनियर बैंक मैनेजर हैं। निष्ठा अमीषा व एक अन्य लड़की के साथ ढाई साल से दयाल रेजीडेन्सी में रह रही थी।

छात्रा के पिता ने दिया बयान

छात्रा के पिता ने बताया कि मेरी बेटी गणेश महोत्सव के लिए कॉलेज गई थी। कॉलेज में कुछ दबंग लोग उसे ले गए और ले जाकर गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद लोहिया अस्पताल में भर्ती करा दिया। मैं बहुत परेशान हूं, मैंने चिन्हट थाने में तहरीर दी है। मेरी बेटी को मारने वाला आदित्य पाठक है। उन्होंने बताया कि हम आदित्य नहीं जानते। उसने इंस्टाग्राम से दोस्ती की। उसने मुझे एक दिन बताया था कि कोई लड़का परेशान कर रहा है।     

Tags:    

Similar News