'बहन, काश कि तुम इतनी सीधी नहीं होतीं...' गोमतीनगर हत्याकांड पर Ulta Chasma की प्रज्ञा मिश्रा ने साझा किया दर्द
Lucknow Triple Murder: गोमतीनगर में बैंक अधिकारी दिव्या मिश्रा की हत्या के बाद बहन प्रज्ञा मिश्रा ने भावुक पोस्ट शेयर की। पति पर हत्या का आरोप, बहन को भी गोली मारी।
Lucknow Triple Murder: लखनऊ के गोमतीनगर में गुरुवार दोपहर हुई सनसनीखेज वारदात ने पूरे शहर को झकझोर दिया। एक बैंक कर्मचारी पर अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा की गोली मारकर हत्या करने और इसके बाद अपनी बहन को गोली मारने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, बाद में आरोपी ने खुद को भी गोली मार ली।
मृतका दिव्या मिश्रा आईसीआईसीआई बैंक की गोमतीनगर शाखा में काम करती थीं। घटना के बाद उनकी बहन और ‘उल्टा चश्मा’ की प्रज्ञा मिश्रा ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट लिखकर अपना दर्द साझा किया।
'दिव्या, तुम अब नहीं हो... यकीन करना मुश्किल है'
प्रज्ञा मिश्रा ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उनकी बहन दिव्या मिश्रा बैंक में डिप्टी मैनेजर के पद पर थीं और कथित तौर पर पति से अलग रह रही थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि दिव्या अपने पति के व्यवहार से परेशान थीं।
उन्होंने लिखा, “दिव्या मेरी बहन, तुम अब नहीं हो, ये यकीन कर पाना बहुत मुश्किल है।” प्रज्ञा ने बताया कि दिव्या उनकी मां के लिए बेटे जैसी थीं और घटना के बाद मां के लगातार फोन आने से उनका दर्द और बढ़ गया।
प्रज्ञा ने भावुक होकर लिखा, “तुम मम्मी का बेटा थीं... मेरी हिम्मत नहीं है कि मैं उनको कह सकूं कि तुम अब नहीं रहीं।”
'काश कि तुम इतनी सीधी नहीं होतीं'
बहन को याद करते हुए प्रज्ञा मिश्रा ने लिखा, “दिव्या, काश कि तुम इतनी सीधी नहीं होतीं... काश कि हम आज पूर्णागिरि घूमने चले गए होते।”
इस पोस्ट में उन्होंने घटना से पहले के घटनाक्रम का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि दिव्या के पति ने उनकी रेकी की और बैंक पहुंचने के बाद उन पर हमला किया।
हालांकि, पुलिस की जांच में सामने आए तथ्यों और परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों की पूरी तस्वीर जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
बैंक के बाहर मारी गोली
पुलिस के अनुसार, वारदात गुरुवार दोपहर करीब 12:15 बजे गोमतीनगर स्थित आईसीआईसीआई बैंक के बाहर हुई। दिव्या बैंक में काम करती थीं और घटना के समय बैंक परिसर के बाहर थीं।
पुलिस का कहना है कि उनके पति मनस मिश्रा कथित तौर पर एक ऑटो में पहले से ही इंतजार कर रहे थे। उन्होंने दिव्या को बाहर बुलाया और गोली मार दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
एडीसीपी ईस्ट अमोल मुरकुट के मुताबिक, बैंक कर्मचारियों ने हमलावर की पहचान दिव्या के पति के रूप में की। पुलिस के अनुसार दिव्या पिछले करीब तीन-चार वर्षों से बैंक में कार्यरत थीं।
बहन को भी गोली मारने के बाद खुद को मारी गोली
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी को हुसड़िया इलाके में ट्रेस किया गया। वहां उसने कथित तौर पर अपनी बहन शीबा बाजपेयी को गोली मार दी और इसके बाद खुद को भी गोली मार ली।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम, हथियारों और आरोपी की गतिविधियों की जांच कर रही है।
आरोपी पाति के Whatsapp स्टैटस पर धोखा देने का आरोप:
रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी पति ने दिव्या की हत्या के बाद व्हाट्सएप स्टैटस लगाया जिसमें बताया की पत्नी को मार दिया, उसने मुझे धोखा दिया। अब खुद को और अपनी बहन को मारूंगा।
वैवाहिक विवाद की भी जांच करेगी पुलिस:
शुरुआती जांच में सामने आया कि मानव और दिव्या के बीच लंबे समय से वैवाहिक विवाद चल रहा था। दोनों अलग-अलग रह रहे थे। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि दिव्या ने एक साल पहले ही तलाक की अर्जी दी थी।
बताया जा रहा है की पुलिस को घटना के कुछ देर बाद जानकारी मिली, तब तक आरोपी अपनी बहन की हत्या के बाद खुद को गोली मार चुका था। पुलिस को आरोपी के घर से तीन हथियार मिले हैं, अब यह जांच का विषय है की असलहे लिसेंसी थे या अवैध?
जांच से सामने आएगी पूरी कहानी
गोमतीनगर की इस वारदात में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी और दिव्या के बीच विवाद की वास्तविक वजह क्या थी, घटना से पहले आरोपी ने किस तरह उनकी गतिविधियों पर नजर रखी और वारदात में इस्तेमाल हथियार उसके पास कैसे पहुंचे।
पुलिस जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर मामले की आगे की तस्वीर साफ होगी।