लखनऊ के VIP इलाके में ट्रिपल शूटआउट! पत्नी-सगी बहन के बाद खुद को उड़ाया, SBI अफसर के खूनी खेल से मचा हड़कंप
Lucknow ICICI Bank Officer Murder: लखनऊ के गोमतीनगर में ICICI बैंक के बाहर महिला बैंक अधिकारी दिव्या मिश्रा की गोली मारकर हत्या से सनसनी फैल गई। पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात के पीछे उनका सगा भाई था, जिसने बाद में खुद को भी गोली मार ली।
Lucknow ICICI Bank Officer Murder: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सबसे सबसे वीआईपी इलाके गोमतीनगर में गुरुवार की दोपहर अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्रा उठी। किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि दिन-दिहाड़े सड़क पर ऐसा खौफनाक मंजर देखने को मिलेगा। आपसी कलह और गुस्से की सनक में अंधे हुए एक शख्स ने अपनी ही पत्नी और सगी बहन पर गोलियों की बौछार कर दी और उसके बाद पिस्टल अपनी कनपटी पर रखकर खुद को भी गोली मार ली।
ICICI बैंक के बाहर सनसनी
वारदात की दिल दहला देने वाली शुरुआत गोमतीनगर स्थित आईसीआईसीआई (ICICI) बैंक की शाखा के ठीक बाहर हुई। बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर तैनात दिव्या मिश्रा पर उनके पति ने अचानक हमला बोल दिया। चश्मदीदों के मुताबिक, आरोपी ने आव देखा न ताव और अपनी पत्नी पर एक के बाद एक कई फायर झोंक दिए। खून से लथपथ होकर दिव्या वहीं सड़क पर गिर पड़ीं। गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई और पूरे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।
घर पहुंचकर सगी बहन को उतारा मौत के घाट
पत्नी को मौत के घाट उतारने के बाद भी आरोपी का खूनी जुनून शांत नहीं हुआ। इसके बाद वह सीधे अपनी सगी बहन शीबा बाजपेई के पास पहुंचा। बिना किसी रहम के उसने अपनी बहन को भी गोलियों से भून डाला। दोनों महिलाओं को मौत की नींद सुलाने के बाद आरोपी ने उसी हथियार से खुद को भी गोली से उड़ा लिया। कुछ ही लम्हों के भीतर एक पूरा हंसता-खेलता परिवार खून के समंदर में डूब गया।
एसबीआई अफसर था आरोपी पति
पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में बेहद चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। हत्या को अंजाम देने वाला आरोपी मानस बाजपेई खुद स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में एक जिम्मेदार अधिकारी के पद पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि मानस और उसकी पत्नी दिव्या के बीच लंबे समय से गंभीर पारिवारिक विवाद चल रहा था। दोनों के बीच की तल्खी इस कदर बढ़ चुकी थी कि मामला फैमिली कोर्ट में भी विचाराधीन था। इसी पुरानी रंजिश और कलह का अंत इतना भयानक और दर्दनाक होगा, इसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी।
फॉरेंसिक टीम और पुलिस खंगाल रही साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। भारी पुलिस बल के साथ आला अधिकारी और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने लहूलुहान दिव्या को आनन-फानन में इलाज के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना स्थल को सील करके वहां से हथियार को कब्जे में ले लिया है और तीनों शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
राजधानी के इस सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में हुई इस तिहरे हत्याकांड के बाद लोगों में दहशत का माहौल है। सुरक्षा को देखते हुए पूरे गोमतीनगर क्षेत्र में पुलिस की गश्त और चौकसी बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारी अब आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं और मृतकों की कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही है, ताकि इस सनसनीखेज खूनी खेल के हर छिपे हुए पहलू से पर्दा उठाया जा सके।