रालोद ने मतदाता सूची पुनरीक्षण की समय सीमा बढ़ाने की मांग की

आरएलडी के राष्ट्रीय सचिव अनिल दुबे ने यूपी के सीईओ से मुलाकात कर मतदाता सूची संशोधन की समय सीमा 31 दिसंबर तक बढ़ाने और मृतक बीएलओ परिवारों के लिए वित्तीय सहायता की मांग की।

Update:2025-12-10 22:50 IST

लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय महासचिव अनिल दुबे ने सोमवार को प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा से मुलाकात कर मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में आ रही गंभीर समस्याओं को उठाया। उन्होंने निर्वाचन विभाग को अवगत कराया कि प्रदेश के कई जिलों में बूथ लेवल अधिकारी (BLO) व्यवहारिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं, जिसके कारण अब तक सभी मतदाताओं के फॉर्म भरना संभव नहीं हो पाया है। इसी आधार पर उन्होंने अभियान की समय सीमा बढ़ाकर 31 दिसंबर करने की मांग की।

अनिल दुबे ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण एक अत्यंत संवेदनशील और महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसमें किसी भी वैध मतदाता का नाम सूची से छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से यह भी अनुरोध किया कि सभी जिलाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को ऐसे स्पष्ट निर्देश दिए जाएँ, जिससे हर पात्र नागरिक का नाम सूची में जुड़ सके।

बूथ लेवल अधिकारियों की समस्याओं पर बात करते हुए दुबे ने बताया कि कुछ क्षेत्रों में BLO को अत्यधिक कार्यभार, स्थानीय समस्याओं और फॉर्म भरने में तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिसके कारण अभियान धीमी गति से चल रहा है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि हाल के महीनों में उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के दौरान कुछ बूथ लेवल अधिकारियों की मृत्यु भी हुई है, इसलिए उनके परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की जानी चाहिए।

अनिल दुबे ने कहा कि रालोद यह सुनिश्चित करना चाहता है कि प्रदेश में लोकतांत्रिक प्रक्रिया पूरी तरह सुचारू और पारदर्शी बनी रहे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करेंगे। दूसरी ओर, निर्वाचन विभाग के अधिकारियों ने उनसे प्राप्त सुझावों को महत्वपूर्ण बताते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Tags:    

Similar News