Lucknow News: 45 डिग्री की दहलीज़ पर लखनऊ, तपती दोपहर में गोमती बनी बच्चों का कूलिंग ज़ोन
Lucknow Heatwave: लखनऊ में भीषण गर्मी के बीच तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंचने की आशंका है। कुड़ियाघाट पर बच्चे गोमती नदी में नहाकर गर्मी से राहत लेते नजर आए, जबकि मौसम विभाग ने लू चलने की चेतावनी जारी की है।
Lucknow Heatwave (Image Credit-Social Media)
Lucknow News: लखनऊ में पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। सोमवार को शहर का तापमान लगातार बढ़ता रहा और दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिला।
तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच पुराने लखनऊ स्थित कुड़ियाघाट पर बच्चों का एक अलग ही नज़ारा देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में बच्चे गोमती नदी में उतरकर नहाते और मस्ती करते दिखाई दिए।
गर्मी से राहत पाने के लिए बच्चे नदी में छलांग लगाकर तैराकी करते नजर आए। बच्चों की गर्मी की छुट्टी का दिन होने के कारण घाट पर काफी चहल-पहल रही। वहीं कई लोग नदी किनारे बैठकर ठंडी हवा का आनंद लेते दिखे। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से गर्मी लगातार बढ़ रही है और दोपहर में बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले सप्ताह में लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तापमान और बढ़ सकता है। अनुमान है कि राजधानी का पारा 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके साथ ही लू चलने की भी चेतावनी जारी की गई है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और बच्चों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।
भीषण गर्मी के बीच कुड़ियाघाट पर बच्चों की यह मस्ती भले ही राहत देती दिखी, लेकिन प्रशासन ने लोगों से नदी में सावधानी बरतने और छोटे बच्चों को अकेले पानी में न जाने देने की अपील भी की है।