UP Prabhari Mantri Reshuffle: यूपी की राजनीति में चुनावी सरगर्मी तेज, जानिये जिलों का हाल

UP Prabhari Mantri Reshuffle: आज किए गए फेरबदल को देखते हुए माना जा रहा है कि सरकार पूरी तरह चुनावी मोड में आ चुकी है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले जिलों में संगठन और प्रशासनिक स्तर पर पकड़ मजबूत बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Update:2026-06-03 18:38 IST

Hapur को मिला नया प्रभारी मंत्री, केपी मलिक की नियुक्ति के पीछे क्या है भाजपा की बड़ी चुनावी रणनीति?

Avnish Pal की विशेष रिपोर्ट

Hapur News: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा राज्यमंत्री केपी मलिक को जनपद हापुड़ का नया प्रभारी मंत्री नियुक्त किए जाने के बाद जिले के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। राजनीतिक जानकार इस नियुक्ति को केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आगामी चुनावों को देखते हुए भाजपा की एक महत्वपूर्ण रणनीतिक चाल के रूप में देख रहे हैं।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जाट समुदाय का प्रभाव लंबे समय से चुनावी राजनीति में निर्णायक माना जाता रहा है। ऐसे में बागपत जनपद के बड़ौत विधानसभा क्षेत्र से विधायक और प्रदेश सरकार में वन, पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के राज्यमंत्री केपी मलिक को हापुड़ का प्रभारी मंत्री बनाना कई राजनीतिक संकेत दे रहा है।

जाट बहुल क्षेत्रों पर भाजपा की नजर

हापुड़ जिले की गढ़मुक्तेश्वर और हापुड़ विधानसभा सीटों पर जाट मतदाताओं की अच्छी-खासी संख्या है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा आगामी चुनावों से पहले जाट समाज के बीच अपनी पकड़ और मजबूत करने के लिए संगठनात्मक स्तर पर विशेष रणनीति पर काम कर रही है। केपी मलिक स्वयं जाट समुदाय से आते हैं और पश्चिमी यूपी की सामाजिक एवं राजनीतिक परिस्थितियों को नजदीक से समझते हैं। यही वजह है कि उनकी नियुक्ति को क्षेत्रीय समीकरणों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


बागपत से हापुड़ तक मजबूत राजनीतिक पकड़

केपी मलिक का राजनीतिक क्षेत्र हापुड़ से सटा हुआ है। बागपत और हापुड़ के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक संबंध भी काफी गहरे रहे हैं। ऐसे में स्थानीय मुद्दों, किसानों की समस्याओं, ग्रामीण विकास और क्षेत्रीय जरूरतों की समझ उन्हें अन्य नेताओं की तुलना में अधिक प्रभावी बना सकती है। माना जा रहा है कि उनकी सक्रियता से जिले में विकास योजनाओं की मॉनिटरिंग और प्रशासनिक जवाबदेही भी बढ़ेगी।

विकास और जनकल्याण होगी प्राथमिकता

न्यूज़ट्रैक के रिपोर्टर से फोन पर हुई बातचीत में प्रभारी मंत्री केपी मलिक ने स्पष्ट किया कि हापुड़ का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी जिम्मेदारी है। इसके लिए जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रही योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाई जाएगी। साथ ही आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

प्रशासनिक व्यवस्था पर भी रहेगा फोकस

जानकारी के अनुसार प्रभारी मंत्री की भूमिका केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं होगी, बल्कि कानून-व्यवस्था, जनसुनवाई, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और विभागीय कार्यों की निगरानी में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। ऐसे में जिले के प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यशैली पर भी उनकी नजर बनी रहेगी।

नियुक्ति के बाद बढ़ी राजनीतिक सरगर्मियां

केपी मलिक की नियुक्ति के बाद हापुड़ के राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। भाजपा संगठन से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखा जा रहा है। वहीं विपक्षी दल इस नियुक्ति को आगामी विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा की राजनीतिक तैयारी का हिस्सा मान रहे हैं।

राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि यदि प्रभारी मंत्री केपी मलिक जिले में विकास कार्यों और जनसमस्याओं के समाधान पर प्रभावी ढंग से काम करते हैं, तो इसका लाभ भाजपा को आगामी चुनावों में मिल सकता है। फिलहाल उनकी नियुक्ति को हापुड़ की राजनीति में एक महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है, जिसके दूरगामी राजनीतिक और प्रशासनिक प्रभाव देखने को मिल सकते हैं।

Tags:    

Similar News