'क्या श्वेतपत्र लाएंगे अखिलेश यादव?', सुलतानपुर लूटकांड पर बोले बृजेश पाठक

Lucknow News : प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी के मुखिया एवं पूर्व सीएम अखिलेश यादव पर करारा प्रहार किया है।

Newstrack :  Network
Update:2024-09-12 15:52 IST

Lucknow News : प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी के मुखिया एवं पूर्व सीएम अखिलेश यादव पर करारा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि गुंडई और अराजकता सपा के डीएनए में है। उन्होंने सुलतानपुर लूट कांड का जिक्र करते हुए कहा कि क्या असलहे के बल पर हुई लूट मामले में अखिलेश यादव श्वेतपत्र लाएंगे।

प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि सूबे में 2017 से भारतीय जनता पार्टी की सरकार है, इसके बाद कानून व्यवस्था में लगातार सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि आज कारोबारी खुद को सुरक्षित महसूस कर रहा है। हर वर्ग प्रदेश की नीति को आगे बढ़ाने में लगा हुआ है। उन्होंने सुलतानपुर में ज्वैलर्स के यहां हुए लूटकांड का जिक्र करते हुए सपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा डकैतों को संरक्षण देने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने सभी तथ्यों की जांच की और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई की। इस कांड शामिल आरोपी मुठभेड़ में मारा गया। उन्होंने कहा कि लूट कांड में जो लोग वांछित थे, उनके उनके पास से ढाई किलो सोना बरामद हुआ है।

पीड़ितों के बजाय अपराधियों के साथ खड़ी सपा

डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कहा कि ये पहला राज्य होगा, जहां समाजवादी पार्टी पीड़ितों के बजाय अपराधियों के साथ खड़ी है। उन्होंने कड़ी टिप्प्णी करते हुए कहा कि सपा जाति के आधार पर उसे संरक्षित करने का काम कर रही है। उन्होंने सपा सरकार के दौरान हजरतगंज चौराहे पर एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी को कार के बोनट पर घसीटने की घटना का जिक्र किया और कहा कि लोहिया वाहिनी के गुंडों ने जीप को कप्तान के आवास पर खड़ा कर दिया था। इस घटना में आज तक कितने लोगों को सजा हुई, ये सपा को बताना चाहिए।

सपा सरकार में बहू-बेटियों पर हुआ सबसे ज्यादा अत्याचार

उन्होंने कहा कि मथुरा के जवाहर कांड को अभी भी कोई नहीं भूला है। सपा के संरक्षण में कई दिन तक वहां गोलिया चलीं थीं। मुज़फ़्फ़रनगर में क्या हुआ था, सपा ने किसी की गिरफ़्तारी तक नहीं की थी। उन्होंने कहा कि सपा का डीएनए ही ऐसा है, इनके लोग प्रदेश पर रोड रोलर चलाने का काम करते हैं। सपा सरकार में ही बहू-बेटियों पर सबसे ज़्यादा अत्याचार हुआ है। उन्होंने कन्नौज की घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने लखनऊ के चिनहट में गणेश प्रतिमा पर समुदाय विशेष द्वारा किए गए पथराव पर कहा कि हम किसी हालत में ऐसा नहीं होने देंगे, जो करेगा, उसको सजा भुगतनी होगी।

Tags:    

Similar News