Mainpuri By Election 2022: चुनाव से पहले बीजेपी कर रही गुंडागर्दी, जसवंतनगर को चाचाजी और नेताजी ने बनाया- अखिलेश

Mainpuri By Election 2022: अखिलेश यादव ने कहा कि जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र नेताजी और शिवपाल यादव का बनाया हुआ क्षेत्र है। यहां के हर परिवार से नेताजी और समाजवादी पार्टी का सीधा संबंध रहा है।

Written By :  Anant kumar shukla
Update: 2022-12-02 13:09 GMT

mainpuri by election 2022 

Mainpuri By Election 2022: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और प्रसपा प्रमुख शिवपाल यादव ने आज जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित चुनावी जनसभा में मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार डिम्पल यादव को भारी मतों से जिताने की अपील की। शिवपाल सिंह यादव ने जसवंतनगर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार गुंडई करा रही है। लोकतंत्र और संविधान पर हमला कर रही है। गरीबों किसानों को प्रताड़ित किया जा रहा है। बिजली के नाम पर छापेमारी हो रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र नेताजी और शिवपाल यादव का बनाया हुआ क्षेत्र है। यहां के हर परिवार से नेताजी और समाजवादी पार्टी का सीधा संबंध रहा है। यहां के लोगों को नेताजी अपना परिवार माना, नेताजी जसवंत नगर के हर गांव और गांव के लोगों के नाम जानते थे।

अखिलेश ने कहा कि नेताजी जमीन से संघर्ष कर ऊंचाई पर पहुंचे। वे लोगों के दुख, दर्द और तकलीफ को समझते थे। उन्हें जब भी मौका मिला तो उन्होंने गरीबों और किसानों के लिए फैसले लिए। नेताजी देश में पहले मुख्यमंत्री थे जिन्होंने किसानों का 10 हजार रुपए तक का कर्जा माफ किया। इससे पहले किसी ने किसानों का कर्जा माफ नहीं किया था। तब 10 हजार रुपए की रकम बहुत बड़ी मानी जाती थी। इसी तरह से नेता जी ने चुंगी व्यवस्था को समाप्त किया। चुंगी के चलते किसान और व्यापारी बहुत परेशान किए जाते थे।


उन्होने कहा कि देश की रक्षामंत्री पद पर रहते हुए नेता जी ने जवानों के सम्मान के लिए बड़ा काम किया। उन्होंने शहीद जवानों का पार्थिव शरीर उनके घर तक पहुंचाने और राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार का नियम बनाया। उससे पहले शहीद जवानों के घर सिर्फ टोपी और बेल्ट जाती थी।


यादव ने कहा कि भाजपा जो सुविधाएं दे रही है वे सब चुनाव तक के लिए हैं। इस सरकार ने गरीबों को मिलावटी तेल, असुद्ध नमक बांटा है। उन्होंने पूछा भाजपा सरकार ने यहां मैनपुरी क्षेत्र में कौन सड़क और पुल बनाया है? उन्होंने कहा कि भाजपा जनता से नहीं अधिकारियों से वोट मांग रही है, क्योंकि उसे पता है कि जनता उसे वोट नहीं करेगी। भाजपा ने मैनपुरी के लिए कोई काम नहीं किया है।


उन्होने कहा कि नेताजी ने हम लोगों को समाजवाद का जो रास्ता दिखाया उसी रास्ते पर चलकर हम लोगों की मदद करना चाहते है। नेताजी ने समाजवादी आंदोलन को जिंदा किया। समाजवादी आंदोलन से ही हम गरीबों और किसानों की मदद कर पायेंगे। नेताजी ने जो विरासत में दिया है उसे हम लोग ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। सभी लोगों को खुशी है कि हम और चाचा शिवपाल सिंह यादव साथ आ गए। लेकिन भाजपा को हमारे परिवार के बारे में बोलने की बीमारी है।

शिवपाल यादव ने समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और बूथ प्रभारियों से कहा कि चुनाव में वोट प्रतिशत कम नहीं होने देना है। नेताजी को हर वर्ग, जाति, धर्म के लोग बढ़-चढ़कर वोट करते थे और भारी मतों से जिताते थे। उसी तरह तरह से इस चुनाव में श्रीमती डिम्पल यादव को भी ऐतिहासिक मतों से जिताना है। जनसभा का संचालन आदित्य यादव ने किया।

इस अवसर पर इटावा के पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया, पूर्व विधायक मनोज चौधरी, पूर्व मंत्री जयप्रकाश यादव, रामवीर सिंह, समेत बड़ी संख्या में नेता कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News