Mainpuri: डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर युवक से 55 हजार ठगे, मैनपुरी के कुरावली थाने में मामला दर्ज।
Mainpuri News: मैनपुरी के कुरावली में क्राइम ब्रांच का अधिकारी बनकर युवक को डिजिटल अरेस्ट की धमकी दी और 55 हजार रुपये ठगे, थाने में शिकायत दर्ज।
Mainpuri News: मैनपुरी के कुरावली में साइबर ठगों ने क्राइम ब्रांच का अधिकारी बनकर एक युवक को डिजिटल अरेस्ट करने की धमकी दी। गिरफ्तारी और पांच साल की सजा का डर दिखाकर आरोपियों ने तीन किस्तों में उससे 55 हजार रुपये ठग लिए। इसके बाद 35 हजार रुपये और मांगे तो युवक को शक हुआ। उसने पैसे देने से इनकार कर मंगलवार दोपहर करीब एक बजे थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
मामला नानामऊ गांव का है। निवासी हर्षवर्धन पुत्र सत्यराम सिंह शाक्य ने बताया कि 16 नवंबर की सुबह करीब सात बजे उनके मोबाइल पर अनजान नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया और कहा कि पुलिस टीम उसे गिरफ्तार करने निकल चुकी है। आरोपी ने फोन बंद न करने और कॉल न काटने की हिदायत देते हुए डिजिटल अरेस्ट की धमकी दी।
पीड़ित के मुताबिक, कॉल करने वाले ने कहा कि गिरफ्तारी होने पर कोर्ट से एक लाख रुपये का जुर्माना और पांच साल की सजा हो सकती है। इससे बचने के लिए 20 हजार रुपये भेजने को कहा गया। डर के कारण हर्षवर्धन जनसेवा केंद्र पहुंचा और बताए गए क्यूआर कोड पर रकम ट्रांसफर कर दी।इसके बाद ठगों ने बहाने बनाकर दो बार और रुपये मांगे। पहले 15 हजार रुपये भेजवाए। फिर सीओ से बात कराने और माफीनामे की कॉपी देने के नाम पर 20 हजार रुपये और ले लिए। इस तरह तीन किस्तों में 55 हजार रुपये ठगों के बताए क्यूआर कोड पर भेज दिए।
हर्षवर्धन ने बताया कि एक घंटे बाद आरोपियों ने फोन कर 35 हजार रुपये मांगे। लगातार रकम मांगने पर उसे शक हुआ और उसने पैसे देने से मना कर दिया। इस पर फोन करने वाला भड़क गया, जिसके बाद युवक ने कॉल काट दी।पीड़ित का कहना है कि ठगों ने उसे इतना डरा दिया था कि वह किसी से बात तक नहीं कर सका। बाद में उसे साइबर ठगी का अहसास हुआ। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे वह कुरावली थाने पहुंचा और पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई मांगी। उसने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और ठगी की रकम वापस दिलाने की मांग की है।