Mainpuri News: दखलनामा मिलने के बाद भी किसान को नहीं मिला जमीन पर कब्जा, डीएम से लगाई गुहार
Mainpuri News: मैनपुरी के नगला जुला गांव में किसान सौरभ सिंह चौहान को तीन बीघा पट्टे की जमीन का दखलनामा मिलने के बाद भी कब्जा नहीं मिल पा रहा है। राजस्व और चकबंदी विभाग की पैमाइश के बावजूद खेत में मेड़ डालने से रोकने और धमकी देने का आरोप है।
Mainpuri News
Mainpuri News: मैनपुरी के नगला जुला गांव में एक किसान को सरकारी अभिलेखों में तीन बीघा कृषि भूमि का कब्जेदार दर्ज किए जाने के बावजूद अपनी ही जमीन पर वास्तविक कब्जा नहीं मिल पा रहा है। किसान सौरभ सिंह चौहान का आरोप है कि राजस्व और चकबंदी विभाग की संयुक्त टीम की पैमाइश तथा दखलनामा जारी होने के बाद भी कुछ लोग जमीन पर मेड़ नहीं डालने दे रहे हैं। विरोध करने पर झगड़े और मारपीट की धमकी दी जाती है। किसान ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर पुलिस बल की मौजूदगी में कब्जा दिलाने की मांग की है।
सौरभ सिंह चौहान के मुताबिक, गाटा संख्या 1616 में वर्ष 2012-13 में उन्हें तीन बीघा कृषि भूमि का पट्टा आवंटित हुआ था। काफी समय बाद पट्टे की जानकारी होने पर उन्होंने जमीन पर कब्जा दिलाने के लिए जिलाधिकारी से कई बार शिकायत की। सुनवाई नहीं होने पर 22 सितंबर को मुख्यमंत्री जनता दर्शन में अपनी समस्या रखी।मुख्यमंत्री जनता दर्शन में शिकायत के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की। 27 और 28 अक्टूबर को राजस्व तथा चकबंदी विभाग की संयुक्त टीम गांव पहुंची और जमीन की पैमाइश की। इसके बाद सौरभ को दखलनामा देते हुए कब्जा दिलाने की कार्रवाई की गई। किसान का कहना है कि पैमाइश के दौरान दूसरे पक्ष को भी उसका हिस्सा दे दिया गया था।
आरोप है कि प्रशासनिक टीम के लौटते ही जमीन पर पहले से कब्जा जमाए लोगों ने फिर विरोध शुरू कर दिया। सौरभ के अनुसार, राजकुमार पुत्र भगवंत सिंह, राघव उर्फ तनू पुत्र घनश्याम सिंह और विमल बाबू उन्हें जमीन पर मेड़ डालने से रोक रहे हैं। किसान का कहना है कि कब्जा लेने पहुंचने पर आरोपी झगड़ा करते हैं और मारपीट की धमकी देते हैं।सौरभ का कहना है कि पैमाइश और दखलनामा मिलने के बाद भी उन्हें जमीन का उपयोग नहीं मिल पा रहा है। इसी समस्या को लेकर वह दोबारा जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पुलिस बल की मौजूदगी में मौके पर कार्रवाई कराकर उन्हें भूमि पर वास्तविक कब्जा दिलाया जाए, ताकि वह अपनी कृषि भूमि का उपयोग कर सकें।