Mainpuri News: मैनपुरी में घर बैठे कर सकेंगे जनगणना, 40 सवालों के जवाब देकर मिलेगी यूनिक आईडी
Mainpuri News: मैनपुरी में स्वगणना अभियान शुरू हो गया है। अब लोग घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से जनगणना के लिए परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए 40 सवालों के जवाब देने होंगे।
Mainpuri News
Mainpuri News: मैनपुरी में अब जनगणना के लिए सरकारी कर्मचारियों के घर पहुंचने का इंतजार नहीं करना होगा। लोग खुद ऑनलाइन माध्यम से अपने और परिवार के सदस्यों की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें 40 सवालों के जवाब देने होंगे। प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक यूनिक आईडी जनरेट होगी, जिसे सुरक्षित रखना जरूरी होगा। प्रगणक के घर पहुंचने पर यह आईडी दिखाकर दर्ज जानकारी का सत्यापन और जरूरत पड़ने पर संशोधन कराया जा सकेगा।
जिले में रविवार से स्वगणना अभियान शुरू हो गया है। सोमवार को दोपहर करीब चार बजे जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट सभागार में अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वगणना के लिए 15 दिन का समय निर्धारित किया गया है। एंड्रॉयड मोबाइल फोन इस्तेमाल करने वाले लोग संबंधित वेबसाइट पर जाकर अपने परिवार का पूरा विवरण स्वयं भर सकते हैं। इसके बाद प्रगणक घर-घर पहुंचकर वास्तविक गणना करेंगे। ऑनलाइन प्रक्रिया के बाद मिलने वाली यूनिक आईडी का नंबर या स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखना होगा।डीएम ने बताया कि इस बार जातीय जनगणना के साथ प्रत्येक व्यक्ति की गणना की जाएगी। व्यक्ति वर्तमान में जिस स्थान पर रह रहा है, उसकी गणना उसी स्थान पर की जाएगी।
बैठक में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) की जानकारी भी दी गई। डीएम के अनुसार जिले में कुल 12 लाख 76 हजार 375 मतदाता हैं। 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के नए मतदाताओं में करीब सात हजार पुरुष और तीन हजार महिलाओं के नाम जोड़े गए हैं।हालांकि, जिले में मतदाता सूची का जेंडर रेश्यो अभी भी चिंता का विषय है। प्रति हजार पुरुषों पर महिलाओं का अनुपात 881 होना चाहिए, जबकि वर्तमान में यह करीब 821 है। इस अंतर को कम करने के लिए बूथवार अभियान चलाया जा रहा है। बीएलओ को नवविवाहित महिलाओं और 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी युवतियों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के निर्देश दिए गए हैं।
दोहरी वोटिंग रोकने के लिए भी प्रशासन सख्त है। बीएलओ को ग्राम पंचायत, नगर पंचायत और विधानसभा की मतदाता सूचियां उपलब्ध कराई गई हैं। मिलान के बाद ही नए नाम जोड़े जाएंगे। बरनाहल ब्लॉक की ग्राम पंचायत नौरमई में बाहर रहने वाले 80 से 90 लोगों के वोट दर्ज होने की शिकायत पर डीएम ने बताया कि जांच पूरी हो चुकी है और तथ्यात्मक रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।