Mainpuri News: मजदूरी के रुपये मांगने पर मजदूर को बांधकर पीटने का आरोप, मां-पत्नी से भी मारपीट
Mainpuri News: मैनपुरी के बिछवां थाना क्षेत्र के जसरऊ गांव में मजदूरी के बकाया रुपये मांगने पर मजदूर को बांधकर पीटने का आरोप लगा है। पीड़ित आजाद अली ने मां और पत्नी के साथ भी मारपीट व अभद्रता किए जाने का आरोप लगाया है।
Mainpuri News
Mainpuri News: मैनपुरी के बिछवां थाना क्षेत्र के जसरऊ गांव में मजदूरी के बकाया रुपये मांगने पर एक मजदूर को बंधक बनाकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित आजाद अली का आरोप है कि दबंगों ने उन्हें घर बुलाकर दरवाजे पर बांध दिया और बेरहमी से पीटा। बचाने पहुंची मां और पत्नी के साथ भी मारपीट व अभद्रता की गई। इसके बाद आरोपियों ने उनके घर पर ईंट-पत्थर फेंके। पीड़ित ने गुरुवार सुबह करीब 11 बजे पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर परिवार की सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जसरऊ गांव निवासी आजाद अली ने शिकायती पत्र में बताया कि वह मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनका छोटा भाई भी गांव के राजा बाबू, शाहरुख, आसिफ और चमन के यहां मजदूरी करता था। दोनों भाइयों की मजदूरी के रुपये आरोपियों पर बकाया थे। इसके अलावा आरोपियों के घर झूले के निर्माण और मरम्मत का काम भी कराया जा रहा था। जरूरत पड़ने पर उन्होंने कुछ रुपये उधार भी दिए थे।आजाद के मुताबिक, जब उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई और उधार दिए रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने भुगतान करने से इनकार कर दिया।
आरोप है कि इसी बात को लेकर उन्हें घर बुलाकर पकड़ लिया गया और दरवाजे पर बांधकर पीटा गया। बीच-बचाव करने पहुंची मां नूरजहां के साथ मारपीट कर उनके कपड़े फाड़ दिए गए। वहीं पत्नी रानी के साथ भी अभद्रता की गई और उनकी चूड़ियां तोड़ दी गईं।पीड़ित का आरोप है कि 17 नवंबर की घटना के बाद आरोपियों ने उनके घर पर ईंट-पत्थर फेंके। अगले दिन 18 नवंबर को शिकायत करने जाते समय अंजनी पुलिया के पास उन्हें फिर घेर लिया गया। इस दौरान पिता, मां और पत्नी के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी गई।आजाद ने आरोप लगाया कि आरोपी उन्हें गांव में नहीं रहने देना चाहते। एक गांव पदाधिकारी की ओर से भी कथित तौर पर धमकी दी जा रही है कि थाने में उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं होगी। पीड़ित ने एसपी से मुकदमा दर्ज कराकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और परिवार को सुरक्षा दिलाने की मांग की है।