मैनपुरी में अरविंद राजभर बोले- एनडीए में सीटों को लेकर विवाद नहीं, 2027 में फिर बनेगी सरकार
Mainpuri News: मैनपुरी में अरविंद राजभर ने 2027 चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया। एनडीए में सीट बंटवारे, अखिलेश यादव की राजनीति और 6 दिसंबर की महारैली पर भी बात रखी।
Mainpuri News: मैनपुरी में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. अरविंद राजभर ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने एनडीए में सीटों के बंटवारे, सपा की राजनीति और प्रदेश के मौजूदा हालात पर अपनी बात रखी।
अरविंद राजभर ने कहा कि सुभासपा का उद्देश्य सीटें मांगना नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनाना है। पार्टी अपने राजनीतिक वजूद के अनुसार सम्मानजनक सीटें चाहती है। उन्होंने बताया कि भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ सीटों को लेकर बातचीत चल रही है और कई सीटों पर सहमति बनने की स्थिति है। एनडीए से जितनी सीटें मिलेंगी, पार्टी उन पर चुनाव लड़ेगी। गठबंधन में सीटों को लेकर कोई विवाद नहीं है।
उन्होंने बताया कि 6 दिसंबर 2026 को आजमगढ़ के आईटीआई कॉलेज मैदान में सामाजिक समरसता महारैली आयोजित होगी। इसी रैली से पार्टी 2027 विधानसभा चुनाव के अभियान की शुरुआत करेगी। अखिलेश यादव द्वारा सुभासपा की 36 सीटों की मांग वाली कथित सूची वायरल किए जाने पर उन्होंने इसे फर्जी बताया। आरोप लगाया कि एनडीए में फूट डालने के लिए ऐसी सूचियां वायरल कराई जा रही हैं।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सरकार बनाने के दावे पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सपा नेताओं की बयानबाजी से उनके पुराने कार्यकाल की गुंडई, भय, भूख और भ्रष्टाचार की राजनीति झलकती है। उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का हिस्सा है, युद्ध का मैदान नहीं। जनता मतदान से सरकार चुनती है।
संविधान की सुरक्षा के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में संविधान सुरक्षित है। साथ ही प्राथमिक विद्यालयों से ही बच्चों को संविधान की शिक्षा देने की वकालत की। चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के गठबंधन से भाजपा को नुकसान होने की आशंका को खारिज करते हुए उन्होंने दावा किया कि इससे एनडीए को फायदा होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने मुस्लिम समाज का राजनीतिक इस्तेमाल किया है और जरूरत के समय उसके मुद्दों पर खुलकर साथ नहीं दिया।