Meerut News: गंगा एक्सप्रेस-वे पर मेरठ का औद्योगिक हब आकार लेने लगा

Meerut News: बिजौली औद्योगिक गलियारे में छह कंपनियों को जल्द मिलेगा भूखंड कब्जा, 500 से अधिक रोजगार अवसर सृजित होने की उम्मीद।

Update:2026-05-29 17:25 IST

Ganga Expressway News (Social Media).jpg

Meerut News: गंगा एक्सप्रेस-वे के किनारे बिजौली क्षेत्र में विकसित हो रहा मेरठ औद्योगिक गलियारा अब जमीन पर उतरता दिखाई देने लगा है। यूपीडा की ओर से सड़क निर्माण, भूमि समतलीकरण और अन्य आधारभूत सुविधाओं के कार्यों में तेजी लाए जाने के साथ ही निवेशकों को भूखंड आवंटन की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है। प्रथम चरण में छह कंपनियों को आवंटन पत्र जारी किए जा चुके हैं और जल्द ही उन्हें जमीन का कब्जा सौंपे जाने की तैयारी है।

प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत गंगा एक्सप्रेस-वे से जुड़े जिलों में औद्योगिक गलियारे विकसित किए जा रहे हैं। मेरठ के बिजौली क्षेत्र में पहले चरण में 194 हेक्टेयर भूमि पर 24 औद्योगिक भूखंड तैयार किए गए हैं। इन भूखंडों को लेकर देशी और विदेशी निवेशकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि अब तक 100 से अधिक निवेशकों ने रुचि दिखाई है।

आवंटन पाने वाली कंपनियों में नोएडा की एमएम मेटा क्राफ्ट कंपनी प्रमुख है। कंपनी यहां एल्युमिनियम के माइक्रो लेवल पार्ट्स का निर्माण करेगी, जिनका उपयोग ऑटोमोबाइल, सोलर, विंडो और फैब्रिकेशन इंडस्ट्री में किया जाएगा। कंपनी को करीब 20 हजार वर्गमीटर भूमि आवंटित की गई है। कंपनी अधिकारियों के मुताबिक सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

कंपनी के तकनीकी अधिकारियों का कहना है कि परियोजना शुरू होने के साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। तकनीकी विशेषज्ञों को छोड़कर लगभग 500 पदों पर स्थानीय स्तर पर नियुक्तियां की जाएंगी। शुरुआती चरण में कुछ विशेषज्ञ कर्मचारियों को नोएडा यूनिट से स्थानांतरित किया जाएगा।

औद्योगिक गलियारे को आईएमएलसी यानी इंटीग्रेटिड मैन्यूफैक्चरिंग लॉजिस्टिक क्लस्टर मॉडल पर विकसित किया जा रहा है। इसके तहत अलग-अलग जिलों में उद्योगों की श्रृंखला विकसित होगी, जिससे उत्पादन और परिवहन लागत कम करने में मदद मिलेगी।

उद्योग विभाग के अधिकारियों के अनुसार जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट, दादरी इनलैंड कंटेनर डिपो और मोहिउद्दीनपुर कंटेनर डिपो की निकटता मेरठ को निवेश के लिए बेहद उपयुक्त बना रही है। उप आयुक्त उद्योग अमरेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि प्रदेश सरकार इस परियोजना को लेकर गंभीर है और सभी विभाग तेजी से कार्य कर रहे हैं।

Tags:    

Similar News