Meerut News: मेरठ में होटल की आड़ में देह व्यापार का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार, तीन महिलाएं मुक्त
Meerut News: मेरठ के टीपीनगर क्षेत्र में होटल की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार रैकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ किया। चार लोगों को गिरफ्तार कर तीन महिलाओं को मुक्त कराया गया।
Meerut News(Photo-Social Media)
Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद के टीपीनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने होटल की आड़ में संचालित किए जा रहे कथित देह व्यापार के नेटवर्क का खुलासा करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस कार्रवाई के दौरान तीन महिलाओं को मुक्त कराया गया, जबकि मौके से आपत्तिजनक सामग्री, मोबाइल फोन, पेटीएम डिवाइस और नकदी बरामद की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में अपराध और अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कल रात टीपीनगर पुलिस को सूचना मिली थी कि कदंबा रिजॉर्ट के पीछे बंबा रोड स्थित “रूम टू” होटल में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार मिश्रा ने महिला पुलिसकर्मियों और टीम के साथ होटल में छापा मारा।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल संचालक प्रिंस उर्फ रॉयल और अंकुर सिवाच समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, तीन महिलाओं को मौके से मुक्त कराया गया। पुलिस को तलाशी के दौरान होटल से आपत्तिजनक सामग्री, चार मोबाइल फोन, एक पेटीएम डिवाइस और 4100 रुपये नकद मिले हैं। पुलिस का कहना है कि, होटल में अनैतिक देह व्यापार संचालित किए जाने के पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं। मामले में टीपीनगर थाने में अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा होटल में यह गतिविधियां कब से संचालित की जा रही थीं।