Meerut News: जमीन विवाद की सुनवाई के दौरान बिगड़ी तबीयत, व्यक्ति की मौत
Meerut News: मेरठ के किठौर थाने में जमीन विवाद की सुनवाई के दौरान एक व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया लेकिन इलाज के दौरान उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
Meerut News
Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ के किठौर थाने में जमीन विवाद की सुनवाई के दौरान एक व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।मिली जानकारी के अनुसार शाहजहांपुर निवासी सराहतुल्ला ने गांव के ही करीब 55 वर्षीय महबूब पुत्र बाबू के साथ चल रहे जमीन विवाद को लेकर किठौर थाने में 25 मई को प्रार्थना पत्र दिया था।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों पक्षों को शुक्रवार को थाने बुलाया था। बताया गया है कि दोनों पक्षों की मौजूदगी में मामले की सुनवाई चल रही थी।इसी दौरान महबूब थाना गेट के पास पेड़ की छांव में वाटर कूलर के निकट रखी बेंच पर बैठे थे। तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों ने तत्काल उन्हें संभाला। पुलिसकर्मियों ने उन्हें पानी पिलाने के साथ सीपीआर भी दिया।
मामले की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी ने सरकारी वाहन से महबूब को लोकप्रिय अस्पताल भिजवाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालांकि उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया कि पुलिस द्वारा तत्काल चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई गई थी। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, थाने में हुई इस घटना को लेकर इलाके में भी चर्चा का माहौल बना रहा।