Meerut News: अंतर्राष्ट्रीय जाट संसद में उठा पश्चिमी यूपी अलग राज्य समेत केंद्र में जाटों के आरक्षण का मुद्दा, विपक्ष ने कार्यक्रम को BJP द्वारा प्रायोजित बताया

Meerut News: केंद्रीय राज्यमंत्री संजीव बालियान ने कहा, मेरठ सबसे बड़ा है, इसलिए राजधानी होना चाहिए। यहां की आबादी 8 करोड़ है। हाईकोर्ट यहां से 750 किलोमीटर दूर है, ऐसे में यह मांग पूरी तरह जायज है। पश्चिम उत्तर प्रदेश अलग प्रदेश और मेरठ उसकी राजधानी बने।

Report :  Sushil Kumar
Update:2023-10-01 18:42 IST

अंतर्राष्ट्रीय जाट संसद में उठा पश्चिमी यूपी अलग राज्य समेत केंद्र में जाटों के आरक्षण का मुद्दा: Photo-Newstrack

Meerut News: आज यहां सुभारती यूनिवर्सिटी मेरठ के मांगल्य कन्वेंशन सेंटर में अंतर्राष्ट्रीय जाट संसद में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। खास बात यह रही कि कार्यक्रम में सत्ताधारी बीजेपी के जाट नेताओं के अलावा विपक्ष का कोई जाट नेता नहीं दिखा। जिससे एक तरह से कार्यक्रम बीजेपी द्वारा प्रायोजित कार्यक्रम बन कर रह गया। अंतर्राष्ट्रीय जाट संसद में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, सर छोटू राम और राजा महेंद्र सिंह को भारत रत्न दिया जाए, केंद्र में ओबीसी वर्ग में आरक्षण, बेगम पुल रैपिड स्टेशन का नाम चौधरी चरण सिंह के नाम पर रखने की मांग की गई।

केन्द्रीय नौकरी में जाट आरक्षण

अंतरराष्ट्रीय जाट सांसद में पश्चिमी यूपी अलग राज्य बनाने का मुद्दा भी उठा। पश्चिमी यूपी अलग राज्य बनाने की जोरदार वकालत करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री संजीव बालियान ने कहा कि मेरठ सबसे बड़ा है, इसलिए राजधानी होना चाहिए। यहां की आबादी 8 करोड़ है। हाईकोर्ट यहां से 750 किलोमीटर दूर है, ऐसे में यह मांग पूरी तरह जायज है। उन्होंने कहा कि पश्चिम उत्तर प्रदेश अलग प्रदेश और मेरठ उसकी राजधानी बने। यह दिली चाह तो क्षेत्र में रहने वाले हर व्यक्ति की है। लोकिन, दिक्कत यह है कि इस पर बोलने से नेताओं को डर लगता है। केंद्रीय राज्यमंत्री ने यह भी कहा कि अगर पश्चिम उत्तर प्रदेश अलग राज्य बनता है तो यह सबसे समृद्ध प्रदेश होगा। केन्द्रीय नौकरी में जाट समाज को आरक्षण देने की मांग पर संजीव बालियान ने कहा कि इस मांग के मामले में वह नेताओं के साथ हैं।

जाट आरक्षण संघर्ष समिति के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक ने कहा, आरक्षण की मांग पूरा करने के लिये राजनेताओं का सहारा लेना होगा। इसके लिए जिस तरह चौधरी चरण सिंह को जाट समाज के लोग एक मुश्त वोट करते थे। ऐसे ही वर्तमान नेताओं का समर्थन करना पड़ेगा। तभी आरक्षण की मांग पूरी होगी। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने जाट समाज से देश को विश्व गुरु के रूप में स्थापित करने में योगदान करने की अपील की।

संसद में जाटों के आरक्षण पर एक शब्द नहीं कहा-

उधर, विपक्ष के जाट नेताओं ने अंतर्राष्ट्रीय जाट संसद में शामिल नहीं होने के सवाल पर कहा कि यह कार्यक्रम बीजेपी द्वारा प्रायोजित है। वेस्ट यूपी से जुड़े प्रमुख जाट नेता एवं राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय सचिव डा. राज कुमार सांगवान ने कहा कि केंद्रीय राज्यमंत्री संजीव बालियान अंतर्राष्ट्रीय जाट संसद में केंद्र में जाटों के आरक्षण का तो समर्थन करते हैं। लेकिन,सांसद और मंत्री होने के बावजूद उन्होंने आज तक भी देश की संसद में जाटों के आरक्षण पर एक शब्द नहीं कहा। यही नहीं आज तक उन्होंने जाटों के आरक्षण को लेकर पीएम मोदी को एक ज्ञापन तक नहीं दिया। ऐसे में भला वे किस मुंह से जाट आरक्षण की वकालत कर रहे हैं। इसी तरह संजीव बालियान ने अंतर्राष्ट्रीय जाट संसद में पश्चिमी यूपी अलग राज्य बनाने की वकालत की। लेकिन, आज तक भी उन्होंने देश की संसद में इस मुद्दे को क्यों नहीं उठाया। रालोद नेता सांगवान कहते हैं- बालियान ने कार्यक्रम में सिर्फ तालियां बटोरने के लिए इस तरह की बात कही है।

Tags:    

Similar News