Meerut News: CCSU में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस, बोले बागपत सांसद, महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक रूप से आगे बढ़ाने के प्रयास
Meerut News: कार्यक्रम के अंत में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन प्रस्तुतियों ने महिला सशक्तिकरण और नारी शक्ति की भावनाओं को सजीव रूप से अभिव्यक्त किया।;
Meerut News (Image From Social Media)
Meerut News: राष्ट्रीय लोक दल के बागपत सांसद डॉ राजकुमार सागवान ने आज यहां चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के व्यवसायिक अध्ययन विभाग (आई.बी.एस.) में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित एक कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए महिला उत्थान, सशक्तिकरण और सरकार की विभिन्न योजनाओं की चर्चा की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक रूप से आगे बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है और समाज को भी इसमें अपनी भूमिका निभानी होगी।
इससे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद राजकुमार सांगवान, डा. अल्का चौधरी, डा. अतवीर (निदेशक, आई.बी.एस.) एवं प्रोक्टर डा. प्रदीप चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डा. अल्का चौधरी प्राचार्य कनोहर लाल महाविद्यालय ने अपने जीवन संघर्ष की प्रेरणादायक चर्चा करते हुए छात्राओं को सशक्त बनने और सत्य की राह पर दृढ़ता से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं और आत्मनिर्भरता ही सशक्तिकरण की कुंजी है।
संस्थान के निदेशक डा. अतवीर सिंह ने विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए उनके योगदान को सराहा। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि हर दिन महिलाओं के उत्थान और प्रगति के लिए प्रयास करना चाहिए, जिससे समाज में समानता और समृद्धि को बढ़ावा मिले। कार्यक्रम के अंत में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन प्रस्तुतियों ने महिला सशक्तिकरण और नारी शक्ति की भावनाओं को सजीव रूप से अभिव्यक्त किया। इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में संयोजक डॉ. प्रिथा सिंह, डॉ. स्वाति अग्रवाल और डॉ. पूजा चौहान की अहम भूमिका रही। इसके साथ ही विभाग की सभी महिला शिक्षिकाओं डॉ. शिखा, डॉ. नेहा, डॉ. स्वाति शर्मा, डॉ. रीना, डॉ. अनीता और डॉ. शिवानी का विशेष सहयोग रहा ।
अधिवक्ता मोलश्री भटनागर ने दी कार्यस्थल पर महिलाओं के अधिकारों की सुरक्षा और उनके कानूनी प्रावधानों की जानकारी
मेरठ, 6 मार्च। मुख्य वक्ता अधिवक्ता मोलश्री भटनागर ने आज यहां कार्यस्थल पर महिलाएं समान होते हुए भी भिन्न हैं, के विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि कार्यस्थल पर महिलाओं के अधिकारों की सुरक्षा और उनके कानूनी प्रावधानों का प्रभावी क्रियान्वयन लैंगिक समानता के लिए अत्यंत आवश्यक है।
स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के महिला सशक्तिकरण प्रकोष्ठ, विश्वविद्यालय स्टार्टअप कमेटी, लिंग संवेदीकरण प्रकोष्ठ एवं छात्र परिषद द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मनाए जा रहे साप्ताहिक कार्यक्रम श्रृंखला के अंतर्गत विश्व को आकार देने में उद्यमियों के रूप में महिलाओं की भूमिका पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान समाज में महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय योगदान दे रही हैं, लेकिन उन्हें कार्यस्थल पर भेदभाव और असमानता, समान वेतन, यौन उत्पीड़न, मातृत्व अवकाश, लैंगिक भेदभाव, और सुरक्षित कार्य वातावरण जैसी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। कानून में महिलाओं के लिए कार्यस्थल पर सुरक्षा हेतु महत्वपूर्ण प्रावधान दिए गए है, जिन्हें जागरूकता के साथ अपनाने से महिलाएं प्रभावी रूप से सशक्त होंगी। उन्होंने छात्राओं के साथ संवाद स्थापित करते हुए उनके सवालों के जवाब भी दिए।
प्रसिद्ध लेखिका शर्मी अधिकारी ने महिला सशक्तिकरण में सोशल मीडिया का प्रभाव के विषय पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को जागरूक करने व अपनी आवाज़ बुलन्द करने में सोशल मीडिया ने महत्वूपर्ण भूमिका निभाई है। भारत में नारीवादी आंदोलनों के लिए सोशल मीडिया एक महत्वपूर्ण साधन बनकर उभरा है, जो समर्थन जुटाने और लैंगिक हिंसा और यौन हिंसा जैसे विभिन्न मुद्दों पर चर्चा शुरू करने का अवसर देता है। सोशल मीडिया ने महिलाओं को सामाजिक, शैक्षिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक समानता के रूप में सशक्त करने का कार्य किया है। आज फेसबुक, व्हाट्सऐप, ट्विटर, यूटयूब, इंस्टाग्राम आदि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने में सहायक बन गए हैं।
इससे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ महारानी लक्ष्मीबाई सभागार में कुलपति मेजर जनरल डॉ.जी.के.थपलियाल, मुख्य वक्ता अधिवक्ता मोलश्री भटनागर, प्रसिद्ध लेखिका शर्मी अधिकारी, विश्वविद्यालय स्टार्टअप कमेटी के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ.आर.के.घई, महिला सशक्तिकरण प्रकोष्ठ की सचिव डॉ.अंशुल त्रिवेदी, लिंग संवेदीकरण प्रकोष्ठ की अध्यक्ष डॉ. सारिका अभय, डॉ.जैस्मिन आनन्दाबाई, डॉ. राखी झा, डॉ. मंजू अधिकारी एवं अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम प्रभारी डॉ.वैभव गोयल भारतीय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।