Meerut News: मेरठ में मिशन शक्ति की बड़ी सफलता, वेश्यावृत्ति गिरोह का भंडाफोड़

Meerut News: मेरठ पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान में कबाड़ी बाजार से वेश्यावृत्ति गिरोह का खुलासा किया, 17 महिलाएं मुक्त कराई गईं, 9 आरोपी गिरफ्तार।

Update:2025-09-12 22:03 IST

मेरठ में मिशन शक्ति की बड़ी सफलता, वेश्यावृत्ति गिरोह का भंडाफोड़(Photo- Newstrack)

Meerut News: मेरठ, 12 सितंबर। ऑपरेशन मिशन शक्ति के तहत मेरठ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कबाड़ी बाजार क्षेत्र में वर्षों से चल रहे वेश्यावृत्ति गिरोह का पर्दाफाश किया। यह संयुक्त अभियान क्षेत्राधिकारी कैण्ट नवीना शुक्ला के नेतृत्व में थाना एएचटीयू (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) और महिला थाना पुलिस टीम द्वारा चलाया गया।

पुलिस को लंबे समय से इस इलाके में अवैध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार देर शाम छापेमारी की योजना बनाई गई और अचानक दबिश देकर अवैध रूप से संचालित कोठों पर छापा मारा गया। इस दौरान पुलिस ने 17 महिलाओं को मुक्त कराया, जिन्हें धन का लालच देकर और दबाव बनाकर वेश्यावृत्ति में धकेला गया था। इनमें से कुछ महिलाएं अन्य राज्यों से भी लाई गई थीं।

कार्रवाई में पुलिस ने मौके से 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें चार महिला आरोपी भी शामिल हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम मसूद, इलियास, जाकिर, याकुब, कन्हैया तामंग, राधा उर्फ शालू क्षेत्री, सरिता, शिल्पा और राजमाला हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 7 मोबाइल फोन बरामद किए, जिनका इस्तेमाल ग्राहकों से संपर्क करने और अवैध धंधे को संचालित करने में किया जाता था।

थाना एएचटीयू में इस मामले में मुकदमा संख्या 002/2025 पंजीकृत किया गया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 3/4/5/6/7/8 अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956, धारा 9एम/10 पॉक्सो एक्ट 2012 तथा धारा 74/127(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। शुक्रवार को सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला कारागार भेज दिया गया।

क्षेत्राधिकारी कैण्ट नवीना शुक्ला ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस की सतर्कता और समाज को सुरक्षित बनाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा, "पीड़ित महिलाओं को सुरक्षित वातावरण और पुनर्वास दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे। समाज विरोधी गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।"

मेरठ पुलिस की इस सख्त कार्रवाई के बाद शहर में अवैध वेश्यावृत्ति और मानव तस्करी में लिप्त गिरोहों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का मानना है कि इस गिरोह का पर्दाफाश होने से न केवल एक बड़े नेटवर्क को तोड़ा गया है, बल्कि इससे महिलाओं को शोषण से बचाने की दिशा में ठोस कदम भी उठाया गया है।

Tags:    

Similar News