Meerut: नरेश उत्तम पटेल ने जाना पिटाई के शिकार सपा पार्षद का हाल, बोले- यूपी में कानून-व्यवस्था ध्वस्त

Meerut News: समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा, 'कितने अफसोस की बात है कि पीड़ित पार्षद द्वारा मारपीट के आरोपियों का नाम पुलिस को बताने के बाद भी उन पर प्रदेश सरकार की ओर से कार्रवाई नहीं की जा रही।'

Report :  Sushil Kumar
Update: 2024-01-06 12:24 GMT

नरेश उत्तम पटेल (Social Media)

Meerut News: नगर निगम बोर्ड बैठक में हुई मारपीट मामले में पीड़ित सपा पार्षद कुलदीप (SP councilor Kuldeep) उर्फ कीर्ति घोपला के घर पहुंचे सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल। दोनों नेताओं की शनिवार (06 जनवरी) को मुलाकात हुई। नरेश उत्तम ने पीड़ित पार्षद का हाल जाना। घटना की जानकारी ली और उन्हें आश्वासन दिया कि, पार्टी उनके साथ खड़ी है। इस दौरान उनके साथ पूर्व कैबिनेट मंत्री व किठौर विधायक शाहिद मंजूर (Shahid Manzoor) के अलावा अन्य स्थानीय नेता-पदाधिकारी मौजूद रहे।

नरेश उत्तम- अखिलेश यादव से विचार के बाद उठाएंगे कदम 

मीडिया से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि, 'पीड़ित पार्षद को न्याय दिलाने की लड़ाई सदन से लेकर सड़क तक लड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि, 'आज मैं अपने विधायक और पदाधिकारी के साथ पीड़ित पार्षद के घर आया हूं। उनसे घटना की पूरी जानकारी ली। अब इस रिपोर्ट को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के समक्ष रखा जाएगा। विचार मंथन के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी।'

'आरोपियों की पहचान के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही'

सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने नगर निगम बोर्ड बैठक में हुई मारपीट मामले में पुलिस व प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि, 'कितने अफसोस की बात है कि पीड़ित पार्षद द्वारा मारपीट के आरोपियों का नाम पुलिस को बताने के बाद भी उन पर प्रदेश सरकार की ओर से कार्रवाई नहीं की जा रही।' एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था को पूरी तरह से ध्वस्त बताया। कहा कि, आज प्रदेश में आज चारों तरफ अराजकता का माहौल है। हाल ये है कि आए दिन प्रदेश में लूट, हत्या, डकैती की घटनाएं हो रही हैं। महिलाओं का उत्पीड़न जारी है।'

सपा की 9 सदस्यीय कमेटी गठित 

आपको बता दें कि, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल मेरठ आने से पूर्व सपा की 9 सदस्यीय कमेटी का गठन कर पीड़ित पार्षदों से मिलने और उनकी रिपोर्ट देने के निर्देश दिए थे।

Tags:    

Similar News