Meerut News: चीनी मिल की गन्ना विकास योजनाओ का प्रचार वाहन द्वारा किया जाएगा

Meerut News: अभियान के तहत गन्ना बुवाई के चार प्रमुख स्तंभों-प्रजातीय बदलाव, फसल सुरक्षा, बीज उपचार और भूमि उपचार को बढ़ावा दिया जाएगा। इसका मुख्य लक्ष्य गन्ना उत्पादन को टिकाऊ और लाभदायक बनाना है।;

Report :  Sushil Kumar
Update:2025-02-11 18:37 IST

Meerut sugar mill News

Meerut News: मेरठ में मवाना चीनी मिल द्वारा चलाए जा रहे बसंतकालीन गन्ना बुवाई अभियान 2025 को आज एक रैली और प्रचार वाहन के माध्यम से नई ऊर्जा दी गई। यह अभियान 5 फरवरी को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ में आयोजित गन्ना किसान समागम का ही अगला चरण है। अभियान के तहत गन्ना बुवाई के चार प्रमुख स्तंभों-प्रजातीय बदलाव, फसल सुरक्षा, बीज उपचार और भूमि उपचार को बढ़ावा दिया जाएगा। इसका मुख्य लक्ष्य गन्ना उत्पादन को टिकाऊ और लाभदायक बनाना है। इस प्रचार वाहन के माध्यम से गाँव गाँव जाकर कृषक संपर्क किया जाएगा तथा जन जागरण किया जाएगा।

प्रचार वाहन उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी देगा

आज आयोजित इस रैली को मवाना चीनी मिल के नेतृत्व में वरिष्ठ महाप्रबन्धक (गन्ना एवं प्रशासन) प्रमोद बालियान ,गन्ना विभाग प्रमुख एवं महाप्रबंधक (गन्ना) अभिषेक श्रीवास्तव, उप महाप्रबन्धक (गन्ना), हरिओम शर्मा तथा वरिष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक मवाना परिषद अशोक कुमार यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह प्रचार वाहन पूरे गन्ना क्षेत्र में भ्रमण कर किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी देगा और उन्हें जागरूक करेगा। प्रचार वाहन के माध्यम से वीडियो, पैम्फ्लेट, अनाउंसमेंट द्वारा किसानों को नई गन्ना प्रजातियों की जानकारी दी जाएगी, फसल को कीटों और रोगों से सुरक्षित रखने के उपाय सिखाए जाएंगे, बीज उपचार की महत्ता समझाई जाएगी और भूमि की उर्वरता बढ़ाने के उन्नत तरीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। रैली के माध्यम से किसानों को गन्ना उत्पादन में नवाचार अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा, जिससे उनकी पैदावार बढ़े और उन्हें आर्थिक लाभ मिले।

50 प्रगतिशील किसान मुज़फ्फरनगर गन्ना शोध संस्थान में प्रशिक्षण को रवाना

इस अवसर पर मवाना चीनी मिल परिक्षेत्र के 50 प्रगतिशील किसानों को मुज़फ्फरनगर स्थित गन्ना शोध संस्थान में एकदिवसीय प्रशिक्षण हेतु बस द्वारा रवाना किया गया। मिल के महाप्रबंधक (गन्ना) अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मवाना चीनी मिल एवं समस्त गन्ना विभाग की टीम गन्ना विकास हेतु सदैव प्रतिबद्ध है एवं आने वाले समय में इस अभियान को विभिन्न तरह से और अधिक गति दी जायेगी जिसमे विभिन्न प्रसार माध्यमों से शत प्रतिशत क्षेत्र के किसानों के मध्य बसंतकालीन गन्ना बुवाई के लक्ष्यों विशेषकर प्रजाति बदलाव, फसल सुरक्षा, बीज शोधन एवं भूमि उपचार की महत्ता एवं आवश्यकता तथा मिल द्वारा दी जा रही सुविधाओं के प्रति जागरूक करके कृषक हित में कार्य किया जाएगा।


उप महाप्रबंधक गन्ना हरि ओम शर्मा ने प्रशिक्षु किसानों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि प्रशिक्षण का लाभ लेते हुए सभी प्रशिक्षु किसान भाई ना सिर्फ स्वयं आदर्श किसान बनेंगे अपितु अन्य किसान भाइयों को भी आदर्श किसान बनने में सहयोग करेंगे।

Tags:    

Similar News