Meerut: हनी ट्रैप मामले में दो सिपाही फंसे, व्यापारी को ब्लैकमेल करने का आरोप

Meerut: बीती सात अगस्त को सोमदत्त सिटी की एक महिला मंसा देवी मंदिर के समीप घड़ी की दुकान करने वाले सुरेश गिरि की दुकान पर गई थी।

Report :  Sushil Kumar
Update: 2024-08-11 09:47 GMT

मेरठ में हनी ट्रैप मामले में यूपी पुलिस के दो सिपाही फंसे (न्यूजट्रैक)

Meerut News: यूपी पुलिस के दो सिपाही हनी ट्रैप मामले में गिरफ्तार किये गये हैं। बता दें कि मेरठ में गैंग बनाकर हनी ट्रैप करते हुए यूपी पुलिस के दो सिपाहियों को पकड़ा गया था। घटना की शिकायत पर एसएसपी ने दोनो पुलिसकर्मियों के खिलाफ जांच सीओ सिविल लाइऩ को सौंपते हुए 24 घंटे में रिपोर्ट तलब की थी। जांच रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया दोनों सिपाही दोषी पाये गये हैं।

दरअसल, जैसा कि आरोप है कि बीती सात अगस्त को सोमदत्त सिटी की एक महिला मंसा देवी मंदिर के समीप घड़ी की दुकान करने वाले सुरेश गिरि की दुकान पर गई थी। उसने सुरेश से अपने पति को घड़ी का काम सिखाने की बात की। सुरेश जैसे ही महिला के घर पहुंचा तभी फलावदा थाने में तैनात सिपाही देवकरण और बागपत जेल में तैनात सिपाही नीरज कुमार वहां पहुंचे। वह सुरेश गिरि की महिला के साथ वीडियो बनाने लगे। एक आपत्तिजनक सामान भी पकड़ा दिया।

आरोप है कि पुलिसकर्मी वीडियो बनाने के बाद सुरेश से 20 हजार रुपये, एक सोने की अंगूठी और पांच घड़ी लेकर चले गए। दो दिन बाद सुरेश ने अपने बेटों को पूरे प्रकरण की जानकारी दी। नौ अगस्त को उसके बेटों ने दोनों सिपाहियों को जागृति विहार एक्सटेंशन पर पकड़ लिया। उनसे कबूल कराया कि उन्होंने सुरेश गिरि से घड़ी, अंगूठी और रकम वसूली है। दोनों बेटों ने यह वीडियो बनाने के बाद यूपी-112 को सूचना दी।

घटना में पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी देते हुए नगर पुलिस अधीक्षक आयुष विक्रम सिंह ने आज बताया कि मेरठ एक हनी ट्रैप का मामला सामने आया था। इस मामले की जांच सीओ सिविल लाइन द्वारा जांच कर 24 घंटे के अंदर रिपोर्ट प्रेषित की गई। सभी बिन्दुओं पर जांच की गई। जांच में प्रथम दृष्टया दोनो ही कांस्टेबल दोषी पाए गये हैं। दोनो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर हिरासत में ले लिया गया है। इस मामले में दो और लोगों के नाम प्रकाश में आये हैं। जो अभी फरार चल रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं।

Tags:    

Similar News