Meerut News: महिला आरक्षण एवं समानता विषय पर बोलीं डॉ.रीता बहुगुणा जोशी, शिक्षा व जागरूकता से सशक्त होंगी महिलाएं

Meerut News: अखिल भारतीय हेमवती नंदन बहुगुणा स्मृति समिति के संयोजन में इस वाद-विवाद प्रतिगोगिता का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता का फाइनल नवम्बर माह में लखनऊ में किया जाएगा।

Report :  Sushil Kumar
Update:2024-10-19 21:21 IST

Meerut News

Meerut News: स्वामी विवेकानन्द सुभारती विश्वविद्यालय के सरदार पटेल सुभारती लॉ कॉलेज में सुप्रसिद्ध नेत्री स्वर्गीय कमला बहुगुणा के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आज यहां आयोजित वाद विवाद प्रतियोगिता को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेत्री प्रो.डॉ.रीता बहुगुणा जोशी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि किसी भी कार्यक्रम में प्रतिभागिता करना अपने आप में महत्वपूर्ण है। आज हम विषय के पक्ष या विपक्ष में ना बोल करके, क्या वास्तव में होना चाहिए? इस विषय पर बात करेंगे। उन्होंने अपनी स्वर्गीय माताजी का उदाहरण देते हुए कहा कि किस प्रकार उनके स्वर्गीय नानी मां ने उनकी माता जी को शिक्षा के महत्व से परिचित कराया। ठीक उसी प्रकार उनकी स्वर्गीय माता ने अपनी सुपुत्री रीता बहुगुणा जोशी को शिक्षा के महत्व एवं आत्मनिर्भरता की महत्वता के विषय में बताया। उन्होंने कहा कि यदि महिला को अपने जीवन में सफल होना है, तो उसे स्वतंत्र तथा आत्मनिर्भर होना होगा। आत्मनिर्भर से तात्पर्य आर्थिक रूप से आप निर्भर होना होगा। उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई में पुरूशों के साथ नारी नही होती तो देश आज़ाद नही होता। उन्होंने महिलाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि शिक्षा ग्रहण कर देश के विकास हेतु महिलाओं को सशक्त होना चाहिए।

वाद विवाद प्रतियोगिता का आयोजन सुभारती लॉ कॉलेज के साहित्य क्लब द्वारा किया गया। अखिल भारतीय हेमवती नंदन बहुगुणा स्मृति समिति के संयोजन में इस वाद-विवाद प्रतिगोगिता का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता का फाइनल नवम्बर माह में लखनऊ में किया जाएगा। सुभारती लॉ कॉलेज के निर्देशक राजेश चंद्र (पूर्व न्यायमूर्ति, उच्च न्यायालय, प्रयागराज) के दिशा निर्देशन में तथा संकाय अध्यक्ष प्रो. डॉ. वैभव गोयल भारतीय के नेतृत्व में किया गया।इस मौके पर पूर्व विधायक राजेंद्र शर्मा ने सुभारती विश्वविद्यालय के संस्थापक डॉ अतुल कृष्ण को बधाई देते हुए कहा कि जिस प्रकार स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में तथा समाज में समानता को लेकर चल रहा है, वह अपने आप में बधाई के पात्र हैं। उन्होंने आगे कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों को प्राप्त करने के लिए शिक्षित होना अति आवश्यक है।

कुलपति डॉ. जी.के. थपलियाल ने कहा कि वाद विवाद प्रतियोगिता के आयोजन से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास के साथ उनका सर्वांगीण विकास होगा। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उज्जवल भविष्य हेतु शुभकामनाएं दी। मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ.शल्या राज ने कहा कि महिलाओं को झूठे महिलावाद से दूर रहना चाहिए तथा आवश्यकता पड़ने पर दूसरी महिला की सहायता अवश्य करनी चाहिए एवं उसे सम्मान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज जरूरत है कि अपनी मानसिकता को बदलकर शिक्षा व जागरूकता ग्रहण करनी चाहिए।

संकाय अध्यक्ष डॉ. वैभव गोयल भारतीय ने कहा कि किसी स्थान विशेष पर आना या ना आना तो प्रतियोगिता के नियमों के हिसाब से है लेकिन प्रतियोगिता में प्रतिभा करना सर्वाधिक महत्वपूर्ण बात होती है। उन्होंने बताया कि सुभारती लॉ कॉलेज विधि के क्षेत्र में अपने विद्यार्थियों का ज्ञान वर्धन कर उन्हें न्यायिक सेवाओं से जोड़ रहा है। साहित्यिक क्लब तथा कार्यक्रम की संयोजिका एना सिसोदिया ने बताया कि इस वाद विवाद प्रतियोगिता का विषय “क्या भारत में महिलाओं को आरक्षण देने से वास्तविक समानता हासिल की जा सकती है” रहा जिसमें सुभारती विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों के 94 प्रतिभागियों ने विषय के पक्ष तथा विपक्ष में प्रतिभागिता की। प्रतियोगिता का फाइनल लखनऊ में आयोजित होगा। अंत में उन्होंने सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस वाद विवाद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर सुभारती इंस्टीट्यूट आफ लॉ के ओम ठाकुर तथा द्वितीय स्थान पर डी फार्मा की रिया शर्मा रही। साइंस कॉलेज की बीएससी की आंचल तृतीय स्थान पर रही। निर्णायक मंडल में प्रो.डॉ. रीना बिश्नोई, डॉ. एससी थलेड़ी तथा डॉ. मनीषा लूथरा शामिल रहे।कार्यक्रम का संचालन बीएएलएलबी पंचम वर्ष की ग्रेसी चौधरी एवं अंकिता सिंह ने किया इस प्रतियोगिता में प्रो. डॉ.सरताज अहमद, डॉ सारिका त्यागी, डॉ. प्रेमचंद, डॉ. अजयराज, डॉ आराधना, डॉ रफत खानम, आफरीन अलमास, सोनल जैन, अरशद आलम, आशुतोष देशवाल, हर्षित, तथा विभिन्न महाविद्यालयों के शिक्षक शिक्षिकाएं तथा ओम ठाकुर पावनी अरोड़ा शुभांगी सिंह कार्तिक शर्मा,इब्राहिम, सानिया, लव, विकास रिया, तनिष्क, आयुष, जीवनेश, सुदर्शनी आदि विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News